बैंक के बाहर डिक्की से 2 लाख कैश उडाई
दिनदहाडे चोरों ने किया हाथ साफ

* पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
अमरावती /दि.24 – गाडगे नगर थाना क्षेत्र में दिनदहाडे बैंक के पार्किंग परिसर में गाडी की डिक्की से 2 लाख रुपए कैश चोरी की घटना सामने आई है. यह घटना सोमवार 23 मार्च की सुबह 10 बजे के दौरान स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा परिसर में घटित हुई है. इस मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज करते हुए जांच शुरु कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह गाडगे नगर थाना क्षेत्र के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा के परिसर में चोरों ने घटना को अंजाम दिया. शिकायतकर्ता उमेश बाबूराव गावंडे (38, अंजनगांव सुर्जी) पेशे से शिक्षक है. वे अपने परिवार के साथ अमरावती आए थे. उनके पिता ने उन्हें प्याज बिक्री से प्राप्त 2 लाख रुपए बैंक खाते में जमा करने के लिए दिए थे. शिकायतकर्ता उमेश गावंडे अपनी मोटर साइकिल क्रमांक एमएच-27/वीके-4438 से बैंक परिसर के पार्किंग में खडी कर अंदर बैंक में भीड की स्थिति देखने गए. कुछ समय बाद जब वे वापस आकर मोटर साइकिल की डिक्की से पैसे निकालने लगे, तब डिक्की में रखे 2 लाख रुपए गायब मिले. अज्ञात चोर ने मौका पाकर डिक्की से नकदी चोरी कर ली और ही क्षणों में मौके से फरार हो गए. गाडी की डिक्की से लाखों रुपए नदारद देख उमेश गावंडे के पैरों तले जमीन खिसक गई. क्योंकि खेती-बाडी करने के बाद फसल बेचकर मिले वह रुपए मेहनत की कमाई के थे. घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया. इस संबंध में गाडगे नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है तथा आरोपी की तलाश जारी है.





