सफाई व्यवस्था को लेकर मनपा आयुक्त सख्त

मुस्लिम बहुल क्षेत्रों का किया निरीक्षण

एड. जावेद आलम के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल की शिकायत के बाद अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
अमरावती/दि.1 – शहर के मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में लंबे समय से बनी हुई सफाई व्यवस्था की समस्याओं को लेकर मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने सख्त रुख अपनाया है. समाजसेवक एड. जावेद आलम के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा शिकायत किए जाने के बाद मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने संबंधित क्षेत्रों का प्रत्यक्ष दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए.
प्रतिनिधिमंडल ने मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले से मुलाकात कर विभिन्न मोहल्लों में नियमित सफाई नहीं होने, कचरा समय पर नहीं उठाए जाने तथा नागरिकों को हो रही परेशानियों की जानकारी दी. साथ ही नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, समयबद्ध कचरा उठाव तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने मुस्लिम बहुल क्षेत्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया. जहां-जहां सफाई कार्य में कमियां पाई गईं, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए.
मनपा प्रशासन की ओर से क्षेत्र में नियमित सफाई अभियान चलाने तथा कचरे का समय पर संकलन और उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को नागरिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान करने तथा सफाई व्यवस्था की सतत निगरानी रखने को कहा गया. स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से नियमित निगरानी बनाए रखने और सफाई व्यवस्था में स्थायी सुधार सुनिश्चित करने की मांग की है. एड. जावेद आलम के नेतृत्व में उठाए गए इस मुद्दे पर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में सफाई व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है.

Back to top button