गांधी चौक स्थित यूनियन बैंक का एटीएम बना सरदर्द
24 घंटे सेवा का दावा साबित हो रहा मजाक

अमरावती /दि.13 – शहर के गांधी चौक स्थित यूनियन बैंक का एटीएम इन दिनों नागरिकों के लिए भारी परेशानी का कारण बन गया है. 24 घंटे सेवा देने के लिए लगाए गए इस एटीएम की हकीकत यह है कि यह सिर्फ बैंक के समय में ही चालू रहता है और बैंक बंद होते ही एटीएम भी बंद कर दिया जाता है. स्थानीय नागरिकों के अनुसार एटीएम अक्सर बंद रहता है. कभी तकनीकी खराबी का हवाला दिया जाता है, तो कभी कैश की कमी का हवाला दिया जाता है, जिससे लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ता है.
बताया जाता है कि इस संबंध में कई बार शाखा प्रबंधक से शिकायत कर एटीएम को 24 घंटे चालू रखने की मांग की गई, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं निकाला गया है. इतना ही नहीं, शिकायत करने पर बैंक अधिकारियों का यह भी कहना बताया जाता है कि डिपॉजिट मशीन और एटीएम मशीन एक ही है, इसलिए जब लोग मशीन में पैसे जमा करेंगे, तभी एटीएम में कैश उपलब्ध होगा. यह तर्क नागरिकों की समझ से परे बताया जा रहा है. या लोगों का सवाल है कि अगर मशीन में पैसे जमा ही नहीं होंगे तो फिर एटीएम में कैश कैसे आएगा और आम नागरिकों की जरूरत कैसे पूरी होगी. कुछ अधिकारी कहते हैं कि,ज्यादा जल्दबाजी हो, तो राजकमल चौक के एटीएम से निकाल लो
गांधी चौक जैसे व्यस्त इलाके में एटीएम की यह स्थिति बैंक की कार्यप्रणाली और 24 बाय÷7 सेवा के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है, जिससे नागरिकों में नाराजगी का माहौल देखा जा रहा है.





