विविध विकास कामों की जिलाधीश कार्यालय में हुई समीक्षा
सांसद डॉ. बोंडे ने दिया स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर

अमरावती/दि.10– जिले की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर आज जिल्हाधिकारी कार्यालय अमरावती में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. इस दौरान राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने जिला प्रशासन को दिए गए निवेदन पर हुई कार्रवाई की जानकारी ली. बैठक में जिलाधिकारी आशिष येरेकर, निवासी उपजिलाधिकारी संतोष काकडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
बैठक में जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया. येवदा और वडनेर गंगा क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए. मरीजों की जांच के लिए सैंपल अमरावती भेजने की मजबूरी को देखते हुए स्थानीय स्तर पर ही सुविधाएं विकसित करने की आवश्यकता जताई गई. दर्यापुर तहसील को अल्पसंख्यक क्षेत्र होने के कारण वहां विशेष योजनाओं के तहत स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर भी चर्चा हुई. साथ ही ग्रामीण अस्पताल स्थापित करने के लिए उपयुक्त भूमि खोजने और आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए.
इसके अलावा वन विभाग द्वारा विकसित किए जा रहे नमो उद्यान और वड उद्यान को जल्द पूर्ण करने पर जोर दिया गया. शहरों में अतिक्रमण हटाने, पात्र नागरिकों को पट्टे वितरित करने तथा खेलो इंडिया योजना के तहत प्रत्येक तालुका से प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए गए. यावली शहीद स्थल पर स्मारक निर्माण के लिए भी विशेष प्रयास करने की बात बैठक में सामने आई. प्रशासन ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए.





