होली को लेकर पुलिस एक्शन मोड में

हुडदंगियों पर रहेंगी कडी नजर

* पुलिस प्रशासन पूरी तरह से तैयार
* निगरानी बदमाशों को थाने में तलब कर दी सख्त हिदायत
अमरावती /दि.26 – होली का त्यौहार शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां शुरु कर दी है. पुलिस ने अवैध गतिविधियों रोक लगाने के उद्देश्य से निगरानी बदमाश, गुंडों और हिस्ट्रीशिटरों को थाने में तलब कर सख्त हिदायत देना शुरु कर दिया है. हुडदंग या कानून व्यवस्था बिगाडने की स्थिति में कडी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है. होली के चार दिन पहले पुलिस के एक्शन मोड में दिखाई देने से बदमाशों में हडकंप की स्थिति बनी हुई है.
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने होली पर्व को देखते हुए विशेष सुरक्षा प्लान तैयार किया है. असामाजिक तत्वों और पूर्व में अपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जाएगी. संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा. ताकि किसी भी प्रकार की गडबडी, हुडदंग या सांप्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो. ऐसे में पुलिस आयुक्त राकेश ओला द्वारा जल्द ही संबंधित थानेदारों को दिशा निर्देश देते हुए इलाकों के बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई जैसी प्रक्रिया शुरु की जा सकती है.

* शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई
होली के दौरान ट्रिपल सीट वाहन चलाने, शराब पीकर ड्राइविंग करने या स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही उनके वाहन भी जप्त कर लिये जांएगे. पुलिस प्रशासन ने युवाओं से अपील करते हुए चेतावनी दी है कि, वे सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक पोस्ट या रील्स सांझा न करें. सोशल मीडिया साइबर सेल पुलिस की निगरानी बनी हुई है, जो ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखेगी. किसी भी आपत्तिजनक या भडकाउ पोस्ट की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी.

* पुलिस ने दी उपद्रवियों को स्पष्ट चेतावनी
होली पर्व के दौरान अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीतियों पर कार्य कर रही है. कानून व्यवस्था बनाये रखने और अमन-चैन कायम रखने के उद्देश्य से थाना क्षेत्र के कुछ सामाजिक लोगों से भी चर्चा की जा रही है. जिनकी पूर्व में सामाजिक शांति भंग करने में सलिप्तता रही है. या जिनसे आशंका है, ऐसे सभी निगरानी बदमाशों और संभावित उपद्रवियों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी गई है कि, त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की गडबडी या तनाव फैलाने की कोशिश की गई तो पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी.

* अलग-अलग क्षेत्रों में रहेगी पेट्रोलिंग जारी
पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में लगातार निगरानी के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग जारी रहेगी. आसपास के इलाकों में लगातार पुलिस गश्त करेगी. सीपी राकेश ओला ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि, वे होली को शांतिपूर्ण, सुरक्षित वातावरण में मनाये तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि, त्यौहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी.

Back to top button