आधार कार्ड में त्रुटि, पुरूष की जगह महिला का नाम
बार-बार अपडेट के बाद भी नहीं हुआ सुधार

अमरावती/दि.10 – आधार कार्ड भारतीय नागरिकों के लिए सबसे महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेजों में से एक माना जाता है. ऐसे में यदि इसमें कोई त्रुटि हो जाए तो नागरिकों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है. अमरावती के निवासी अरशीद शाह साबिर शाह इसी तरह की समस्या से जूझ रहे हैं.
बताया गया है कि उनके आधार कार्ड में उनकी फोटो, पता, फिंगरप्रिंट और आंखों का स्कैन सही है, लेकिन नाम की जगह शीतल जितेंद्र देशमुख लिखा हुआ दिखाई दे रहा है. यह नाम एक महिला का होने के कारण उन्हें विभिन्न कार्यों में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है. अरशीद शाह ने कई बार आधार कार्ड में नाम सुधारने के लिए प्रयास किए. उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय के पास स्थित आधार सेवा केंद्र में जाकर भी अपनी समस्या दर्ज कराई, लेकिन बार-बार अपडेट कराने के बावजूद नाम में कोई सुधार नहीं हुआ. जानकारी के अनुसार, अरशीद शाह ने वर्ष 2013 में पहली बार आधार कार्ड बनवाया था, उस समय कार्ड पर उनका नाम सही था. लेकिन बाद में एक अपडेट के दौरान आधार कार्ड में नाम बदलकर गलत दर्ज हो गया. इसके बाद उन्होंने कई बार नाम सुधारने के लिए आवेदन किया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है.
* दस्तावेज देने के बाद भी नहीं हुआ सुधार
अरशीद शाह ने नाम सुधार के लिए राशन कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाता, बिजली बिल समेत कई प्रमाण प्रस्तुत किए, फिर भी आधार कार्ड में नाम ठीक नहीं किया गया.
* सरकारी योजनाओं और बैंकिंग में आ रही दिक्कत
आधार कार्ड में गलत नाम होने के कारण उन्हें बैंकिंग लेनदेन, मोबाइल सिम, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और अन्य आधिकारिक कार्यों में लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पीड़ित नागरिक ने प्रशासन से इस मामले में गंभीरता से ध्यान देने और आधार कार्ड में नाम की त्रुटि जल्द से जल्द सुधारने की मांग की है.





