पीएम मित्रा टेक्सस्टाईल पार्क को दी जाएगी गति

विधानसभा आश्वासन समिति के अध्यक्ष व विधायक रवि राणा का कथन

* सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट को लेकर उद्योग प्रधान सचिव व व्यवस्थापकीय संचालक के साथ की चर्चा
अमरावती/दि.3 – समीपस्थ नांदगांव पेठ एमआईडीसी परिसर में साकार होनेवाले पीएम मित्रा टेक्सस्टाईल पार्क प्रकल्प की प्रगति का जायजा लेने हेतु विधानसभा आश्वासन समिति के अध्यक्ष व विधायक रवि राणा ने आज उद्योग विभाग के प्रधान सचिव एवं व्यवस्थापकीय संचालक के साथ बैठक करते हुए चर्चा की. जिसमें विधायक रवि राणा ने पीएम मित्रा टेक्सस्टाईल पार्क को सीएम देवेंद्र फडणवीस का ड्रीम प्रोजेक्ट बताते हुए कहा कि, इस टेक्सस्टाईल पार्क के काम को जल्द से जल्द गतिमान करना बेहद जरुरी है. इस बैठक के दौरान पीएम मित्रा टेक्सस्टाईल पार्क से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हुए करीब 170 करोड रुपए की लागत से 7 किमी की लंबाई वाली विद्युत वाहिनी डालने के प्रस्ताव के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली गई. साथ ही साथ 1025 एकड जमीन को औद्योगिक प्रयोग के लिए विकसित करने का निर्णय भी लिया गया. इसके अलावा इस समय अधीक्षक अभियंता देवाहाते ने 33 केवी जी-एक्सप्रेस लाइन केबल डालने तथा फिशर हब परिसर में सब सेंटर स्थापित करने के बारे में जानकारी दी. वहीं आरओ लंके ने बताया कि, नेदरलैंड की एक कंपनी के लिए दो भूखंड मंजूर किए गए है तथा करीब 66 एकड जमीन पर कॉटन रिसर्च एंड डेवलपमेंट उद्योग शुरु होगा. साथ ही एमसीटी फायबर कंपनी के साथ सामंजस्य करार करने को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई.
बैठक में उपस्थित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों, अभियंताओं व टेक्सस्टाईल पार्क के प्रतिनिधियों के विचार जानने व सुनने के बाद विधानसभा आश्वासन समिति के अध्यक्ष व विधायक रवि राणा ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए इस प्रकल्प को तय समय के भीतर पूरा करने के निर्देश जारी किए. साथ ही पीएम मित्रा टेक्सस्टाईल पार्क में आनेवाले उद्योगों के लिए तमाम जरुरी सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु सरकार के पास आवश्यक प्रयास करने की बात भी कही. साथ ही उन्होंने इस प्रकल्प के पूर्ण होकर शुरु होने पर जिले के सुशिक्षित बेरोजगार युवकों के लिए बडे पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होने की बात भी कही.
इस बैठक में एमआईडीसी के प्रादेशिक अधिकारी राम लंके, महावितरण के अधीक्षक अभियंता देवाहाते, महापारेषण की मुख्य अभियंता देशमुख, कार्यकारी अभियंता पाटिल, एमआईडीसी के कार्यकारी अभियंता डाबेराव, शाखा अभियंता अनिकेत आवारे, सतीश पटले सहित विनोद जायलवाल व उमेश ढोणे आदि उपस्थित थे.

Back to top button