राजेंद्र टेंभे अध्यक्ष, योगेश राठी सचिव, शेखर कुलकर्णी कोषाध्यक्ष

एकवीरा देवी संस्थान की नई कार्यकारिणी

* बढाएंगे सेवा कार्य, भक्तों की सुविधाओं का अधिकाधिक ध्यान
अमरावती/दि.15 – श्री एकवीरा देवी संस्थान की नई कार्यकारिणी का चयन हाल ही में सर्वसम्मति से किया गया. पेशे से सिंचाई विभाग के इंजीनीयर रहे राजेंद्र टेंभे संस्थान की बागडौर संभालेंगे. सीए योगेश राठी सचिव बनाये गये हैं. अब तक सचिव की जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे चंद्रशेखर उर्फ शेखर कुलकर्णी अब कोषाध्यक्ष का दायित्व संभालेंगे.
एकवीरा देवी संस्था सैकडों वर्ष पुरातन है. मंदिर की स्थापना की भी रोचक व पौराणिक मान्यता है. संस्थान के अन्न क्षेत्र, होमिओपैथी अस्पताल सहित अनेक सेवा कार्य चलते हैं. ऐसे में हाल ही में हुई बैठक में अगले तीन वर्षों क वास्ते नई कार्यकारिणी का चयन किया गया. जिसमें अविनाशभाई श्रॉफ उपाध्यक्ष, राजेश हेडा सहकोषाध्यक्ष और एड. रवींद्र मराठे सहसचिव मनोनीत किये गये. ट्रस्टी में चंद्रशेखर भोंदू, गजानन बपोरीकर, शैलेश वानखडे और दीपक सब्जीवाले का समावेश है.
उल्लेखनीय है कि, अमरावती की पहचान ही अंबादेवी-एकवीरा देवी के कारण है. यहां अश्विन और चैत्र नवरात्री के उत्सव के साथ ही जनार्दन स्वामी पुण्यतिथि, रामनवमी उत्सव और अन्य कार्यक्रम रहते हैं. भाविकों के लिए एकवीरा देवी संस्थान में पिछले 13 वर्षों से अन्न क्षेत्र संचालित है. जहां रोज नाममात्र शुल्क में औसतन एक हजार भाविक प्रसाद भोजन पाते हैं. संस्थान का मंगल कार्यालय होने के साथ होमिओपैथी अस्पताल भी संचालित है. हाल ही में महाराष्ट्र शासन की पहल से अंबा-एकवीरा कॉरिडोर विकास का नियोजन किया गया है. वह साकार होने पर संपूर्ण संस्थान व परिसर की कायापलट की संभावना है. 355 करोड लागत के प्रस्ताव को मान्यता मिलने की संभावना बतायी जा रही है. आसपास का बडा परिसर इस कॉरिडोर में विकासित होगा. भक्तों के लिए सुविधाएं बढेगी.

Back to top button