पहले जत्थे में 145 हज यात्री रवाना
इस बार नागपुर से 16 उडानें

* विदर्भ से 19 हजार से अधिक यात्री जायेंगे
नागपुर/ दि.24- शुक्रवार तडके यहां के डॉ. बाबासाहब आंबेडकर इंटरनेशनल विमानतल से हज यात्रियोंं का पहला ग्रुप उत्साह से सउदी अरब के जेद्दाह हेतु रवाना हुआ. प्रस्थान से पहले यात्रियों को सुचारू, सुरक्षित और आध्यात्मिक रूप से सफल हज यात्रा की शुभकामनाएं दी गई. इसके साथ ही वार्षिक हज यात्रा की शुरूआत हो गई है. नागपुर से अप्रैल महीने में 25,28,29 को एक- एक फ्लाइट और 26 अप्रैल रविवार को 3 एवं 27 अप्रैल सोमवार को 2 फ्लाइट प्रस्थान करेगी. मई में 5 दिन आकाशा एयर की 5 विशेष उडानें मदीना जायेगी. मई में प्रत्येक दिन एक- एक फ्लाइट रहने की जानकारी देते हुए बताया गया कि विदर्भ तथा पडोसी मध्यप्रदेश तथा छत्तीसगढ राज्यों के यात्रियों हेतु 16 उडानें नागपुर से जायेगी. लौटती यात्रा जून में रहेगी.
145 यात्रियों का पहला दल
नागपुर हज हाउस में हज यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई. यात्रियों को हज से जुडी सभी जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराई गई. इस बार विदर्भ और आसपास के भागों से कुल 19335 यात्री धार्मिक यात्रा पर प्रस्थान करेंगे. आकाशा एयरलाइन द्बारा आज तडके के पहली फ्लाइट से 145 हज यात्री पवित्र मदीना के लिए रवाना हुए. फ्लाइट नंबर क्यूपी- 7517 ने शुक्रवार तडके 3.35 बजे उडान भरी. पहले दल में 75 पुरूष और 70 महिलाएं होने की जानकारी हज हाउस से दी गई.
भावुक हुए परिजन
हज यात्रा के लिए बडा जोश देखा गया. हज हाउस से पहले दल के रवाना होने पर परिजनों ने उन्हें भावनापूर्ण विदाई दी. गले लगाकर शुभकामनाएं दी. वहीं वरिष्ठ हज यात्री तस्बीह तथा यात्रा दस्तावेज सीने से लगाकर कुरआन की आयतें पढते दिखाई दिए. यह क्षण हज यात्रियों के लिए वर्षो के इंतजार पश्चात आया है. जिससे यात्रा पर रवाना होने से पहले सभी भावनिक हो गये थे.
3.5 लाख का खर्च
इस बार हज यात्रा पर एक शख्स का लगभग साढे तीन लाख से अधिक खर्च होना अपेक्षित है. जिसमें जाना और आना का विमान किराया ही डेढ लाख से अधिक है. इसके अतिरिक्त सउदी अरब में ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं पर बाकी खर्च हो रहे हैं.





