विद्यापीठ में बीएस्सी डेटा साइंस एंड एनालिटिक्स की प्रवेश प्रक्रिया शुरू

उद्योग जगत के व्यवहारिक कार्यों का अनुभव विद्यार्थियों को मिलेगा

अमरावती /दि.19- डिजिटल तकनीक के युग में बढ़ती औद्योगिक आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए, संत गाडगे बाबा अमरावती विद्यापीठ से संबद्ध महाविद्यालयों में बी.एस्सी. इस विशेष डिग्री पाठ्यक्रम की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है. यह पाठ्यक्रम ‘अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम’ के अंतर्गत डिजाइन किया गया है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को सीधे उद्योग जगत का व्यावहारिक कार्य अनुभव प्राप्त होगा. कुलगुरु डॉ. मिलिंद बारहाते की पहल के कारण यह पाठ्यक्रम विश्वविद्यालय में शुरू किया गया है. तीन वर्ष के (6 सेमेस्टर) इस पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों को एक संपूर्ण सेमेस्टर के लिए नामांकित कंपनियों में ‘अप्रेंटिसशिप’ (प्रशिक्षण) करने का अवसर मिलेगा.
* आधुनिक सुविधाएं
सुसज्जित कंप्यूटर प्रयोगशाला, हाई-स्पीड 1 जीपीबीएस इंटरनेट तथा पूरे कैंपस में मुफ्त वाई-फाई सुविधा उपलब्ध है. साथ ही शासन के नियमानुसार सभी प्रकार की छात्रवृत्तियां, भव्य ग्रंथालय, लड़के-लड़कियों के लिए अलग छात्रावास की व्यवस्था भी की गई है. इस पाठ्यक्रम में आईटी क्षेत्र की वर्तमान मांग को ध्यान में रखते हुए पायथन फॉर डेटा साइंस, एडवांस एक्सेल सहित डेटा विश्लेषण, बिग डेटा एनालिटिक्स और बिजनेस इंटेलिजेंस, पावर बीआई टूल, फुल स्टैक डेवलपमेंट जैसे विषयों का विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा.
* पात्रता और प्रवेश प्रक्रिया
कक्षा 12वीं (विज्ञान शाखा) उत्तीर्ण, जिसमें गणित विषय अनिवार्य है. इच्छुक विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे विज्ञापन में दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर सीधे आवेदन करें. अधिक जानकारी के लिए प्रा. राजेश भोयर मो. क्र. 9422858584 पर संपर्क करने का आवाहन किया गया है.

Back to top button