अवैध साहूकारी के 10 ठिकानों पर छापामार कार्रवाई
100 से अधिक अधिकारी- कर्मचारी रहे शामिल

* कई तरह के दस्तावेज किए जब्त
अकोला /दि.26– अकोला शहर व जिले में अवैध साहूकारी की शिकायतों पर प्रशासन ने बडी कार्रवाई करते हुए 10 अलग-अलग ठिकानों पर छापामारी की महाराष्ट्र सावकारी (नियमन) अधिनियम 2014 की धारा 16 के तहत यह संयुक्त कारवाई सहकार विभाग व पुलिस विभाग द्बारा की गई. यह कार्रवाई जिलाधिकारी वर्षा मीणा, पुलिस अधीक्षक अर्चित चांडक, सहकारी संस्था के विभागीय सहनिबंधक गौतम वर्धन तथा जिला उपनिबंधक सहकारी संस्था अकोला-वाशिम के गीतेशचंद्र साबले के मार्गदर्शन में की गई.
जानकारी के अनुसार कुल 9 शिकायततकर्ताओं द्बारा अवैध साहुकारी की शिकायतें दर्ज कराई गई थी. इन शिकायतों के आधार पर अकोला और वाशिम जिलों में संयुक्त पथकों ने 10 अलग- अलग स्थानों पर पर छापा मार कार्रवाई की. इस विशेष अभियान में सहकार विभाग, पुलिस विभाग, बैैंक अधिकारी, कृषि उपज मंडी के कर्मचारी सहित अन्य विभागों के करीब 100 अधिकारी- कर्मचारियों का समावेश रहा. कार्रवाई के लिए अलग- अलग टीमों का गठन किया गया था.
इस अभियान में सरकारी अधिकारी एम.ए. भाकरे, आर.आर. विटनकर, पीटी सरकटे, एस.डी. नरवाडे, एस.एस. खान, वी.वी. सपकाल, जे.एस. सहारे, आर. आर. घोडके, अनिल शास्त्री तथा एम.वाय. परतेकी सहित कई अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इस कार्रवाई के दौरान विद्या विवेक गिरि, रंजना मुंदे, संगीता भारती, मोहम्मद जाकीर, भूषण व्याघ्रांबरे, सहदेवराव शिंदे, सपना कडू और शीला नाईक सहित अन्य लोगों के घर एवं कार्यालयों की तलाशी ली गई.
अधिकारियों ने बताया कि जब्त दस्तावेजों की जांच की जायेगी. यदि शिकायतों में तथ्य पाए गये तो संबंधित लोगों के खिलाफ महाराष्ट्र सावकारी अधिनियम के तहत कडी कार्रवाई की जायेगी. जिला उप निबंधक सहकारी संस्था अकोला ने नागरिकों और किसानों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अवैध साहूकारी से परेशान है तो वह आगे आकर शिकायत दर्ज कराए. शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जायेगी.





