वाहन चोर धरा गया, एक बाइक जब्त
क्राईम ब्रांच की आजाद नगर में कार्रवाई

अमरावती /दि.8- अमरावती क्राईम ब्रांच के दल ने मिली जानकारी के आधार पर नागपुरी गेट थाना क्षेत्र के आजाद नगर निवासी एक 27 वर्षीय वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की दुपहिया जब्त की है. गिरफ्तार आरोपी का नाम दानिश अली जावेद अली (27) है.
जानकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच का दल पेट्रोलिंग कर रहा था, तब उन्हें गोपनीय जानकारी मिली कि लालखड़ी क्षेत्र का एक युवक व्यक्ति चोरी की सिल्वर रंग की होंडा बाइक का इस्तेमाल कर रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच की तो पता चला कि संबंधित युवक ने यह दुपहिया दानिश अली से उधार दिये पैसों के बदले गिरवी रखी है. पहचान छिपाने के लिए बाइक का रंग बदलकर सिल्वर कर दिया गया था. बाद में पैसे लौटाने पर वाहन वापस कर दिया गया. जांच के दौरान पुलिस ने आज़ाद नगर निवासी दानिश अली जावेद अली (27) को हिरासत में लेकर उसके पास से होंडा कंपनी की सिल्वर रंग की बाइक जब्त कर ली.
पुलिस जांच में सामने आया कि उक्त बाइक की चोरी का मामला वर्धा सिटी पुलिस स्टेशन में दर्ज है. इसके बाद अमरावती क्राइम ब्रांच ने वर्धा पुलिस को सूचना दी. वर्धा पुलिस की टीम अमरावती पहुंची और आरोपी व बरामद बाइक को आगे की जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, पुलिस उपायुक्त प्रांजलि सोनवणे, सहायक पुलिस आयुक्त कैलास पुंडकर तथा सहायक पुलिस आयुक्त (गाडगेनगर) नीलेश ब्राह्मणे के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच की टीम ने की. टीम में पीआई दिनेश दहातोंडे, एपीआई मनीष वाकोडे, एपीआई दशरथ आडे सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल थे.





