छात्राओं को मुफ्त और छात्रों को रियायती एसटी यात्रा का लाभ
अमरावती में 26 हजार से अधिक पास जारी

* अहिल्याबाई होलकर योजना से 17,829 छात्राओं को निःशुल्क यात्रा
* 8,451 विद्यार्थियों को रियायती मासिक पास
अमरावती/दि.17- नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एसटी) ने विद्यार्थियों के लिए रियायती और निःशुल्क यात्रा पास वितरण अभियान तेज कर दिया है. अमरावती जिले में अब तक 17,829 छात्राओं को अहिल्याबाई होलकर निःशुल्क यात्रा योजना के तहत मुफ्त एसटी पास दिए गए हैं, जबकि 8,451 विद्यार्थियों को रियायती मासिक छात्र पास जारी किए गए हैं.
एसटी प्रशासन के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं की शिक्षा को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से संचालित अहिल्याबाई होलकर योजना के तहत कक्षा 5वीं से 12वीं तक की छात्राओं को स्कूल आने-जाने के लिए निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. इस योजना का लाभ जिले के आठ एसटी डिपो की छात्राओं को मिल रहा है और इसका खर्च राज्य सरकार एसटी महामंडल को प्रतिपूर्ति के रूप में देगी. वहीं, छात्र मासिक पास योजना के तहत जून माह में 8,451 विद्यार्थियों को लगभग 66.67 प्रतिशत किराया रियायत के साथ पास जारी किए गए. यह सुविधा स्कूल, कॉलेज, तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों, दिव्यांग छात्रों, मेडिकल एवं अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को नियमानुसार उपलब्ध कराई जा रही है.
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एसटी महामंडल ने नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है. साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में विशेष शिविर लगाकर वहीं पर पास बनाए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को डिपो के चक्कर न लगाने पड़ें और उनका पढ़ाई का समय भी बच सके. संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप रेलवार ने विद्यार्थियों से उपलब्ध योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है. उन्होंने बताया कि पास बनाने में किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए एसटी प्रशासन ने अलग टोल-फ्री हेल्पलाइन भी शुरू की है.
* डिपोवार पास वितरण
डिपो अहिल्याबाई योजना (मुफ्त पास) रियायती छात्र पास
अमरावती 9341, 355
बडनेरा 857 288
परतवाड़ा 4,007 322
चांदूर रेलवे 2,859 1,843
दर्यापुर 2,768 1,752
वरुड 1,840 646
मोर्शी 2,323 1,252
चांदूर बाजार 2,241 993





