न्यू गणेश कॉलोनी में कथित अवैध निर्माण का महापौर और मनपा आयुक्त ने किया निरीक्षण

मंदिर का रास्ता खोलने की उठी मांग

* 200 वर्ष पुराने श्री काली नदी महादेव बाबा मंदिर के सार्वजनिक मार्ग पर निर्माण का आरोप
* नागरिकों ने शीघ्र कार्रवाई और वटवृक्ष संरक्षण की मांग की
अमरावती/दि.20 – अमरावती शहर के न्यू गणेश कॉलोनी क्षेत्र में लगभग 200 वर्ष पुराने श्री काली नदी महादेव बाबा मंदिर की ओर जाने वाले सार्वजनिक मार्ग पर कथित रूप से किए गए अवैध निर्माण की शिकायत पर महापौर श्रीचंद तेजवानी और नगर आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले ने संबंधित स्थल का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय नागरिकों से जानकारी प्राप्त की.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मंदिर पिछले दो शताब्दियों से क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है. प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं, जबकि महाशिवरात्रि, श्रावण मास और अन्य धार्मिक अवसरों पर भारी भीड़ उमड़ती है. नागरिकों का आरोप है कि मंदिर तक जाने वाले पारंपरिक सार्वजनिक मार्ग को बंद कर वहां अवैध निर्माण कर दिया गया है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. नागरिकों ने यह भी बताया कि परिसर में स्थित कई दशक पुराना विशाल वटवृक्ष पर्यावरणीय और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है. उनका कहना है कि कथित अवैध निर्माण से इस वृक्ष के अस्तित्व पर भी खतरा उत्पन्न हो गया है. उन्होंने मंदिर का मार्ग पुनः खोलने और वटवृक्ष के संरक्षण के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की. निरीक्षण के दौरान महापौर और नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों से निर्माण की स्थिति, सार्वजनिक मार्ग और उपलब्ध दस्तावेजों की जानकारी ली. नागरिकों ने भी अपनी शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखीं.
सूत्रों के अनुसार, अधिकारियों को मामले की विस्तृत जांच कर निर्माण की वैधानिक स्थिति की पड़ताल करने, यदि सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई करने तथा मंदिर तक जाने वाले रास्ते को पुनः खुलवाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं. निरीक्षण के दौरान मध्य जोन सभापति स्वाती कुलकर्णी, चंद्रशेखर कुलकर्णी, भूषण पाटणे, अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक, सहायक नगर रचनाकार कांचन भावे, सहायक आयुक्त भूषण पुसतकर, मंगेश कडू, संपत्ति अधिकारी सचिन मांडवे, उप अभियंता दिनेश हंबर्डे, हेमंत महाजन, अभियंता लक्ष्मण पावडे तथा न्यू गणेश कॉलोनी के अनेक नागरिक उपस्थित थे.

 

Back to top button