‘हिंदुत्व का उपदेश देने वाले खुद दरगाह क्यों जाते हैं?’

प्रवीण हरमकर का सवाल

* शिवसेना नेता ने राजनीतिक विरोधियों पर दोहरा रवैया अपनाने का लगाया आरोप
अमरावती/दि.18- शिवसेना के शहर प्रमुख, पूर्व विपक्ष नेता एवं पूर्व नगरसेवक प्रवीण हरमकर ने हिंदुत्व के मुद्दे पर राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग रोजाना उद्धव ठाकरे से हिंदुत्व पर सवाल पूछते हैं, उन्हें पहले अपने आचरण पर भी नजर डालनी चाहिए.
जारी प्रेस विज्ञप्ति में हरमकर ने कहा कि कुछ लोग टीवी और अखबारों के माध्यम से लगातार उद्धव ठाकरे को हिंदुत्व का प्रमाणपत्र देने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि वही लोग स्वयं दरगाहों पर जाकर चादर चढ़ाते हुए दिखाई देते हैं. उन्होंने सवाल किया कि यदि ऐसा है, तो फिर वास्तविक हिंदुत्व मंदिर में है या दरगाह में? उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आते ही कुछ नेताओं को हिंदुत्व की याद आती है, लेकिन बाद में वही लोग दरगाहों में जाकर तस्वीरें खिंचवाते हैं. महाराष्ट्र की जनता इस दोहरे रवैये को देख रही है. प्रवीण हरमकर ने कहा कि हिंदुत्व केवल दिखावा नहीं, बल्कि स्वाभिमान, संस्कृति और निष्ठा का विषय है. जिन लोगों के कार्य और आचरण में हिंदुत्व दिखाई नहीं देता, उन्हें दूसरों से इस विषय पर सवाल पूछने का नैतिक अधिकार नहीं है.

Back to top button