अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर नाबालिग से वसूली की कोशिश
गलत लोकेशन से शुरू हुई बातचीत, बिल्किंट डिलीवरी के दौरान आरोपी ने लिया मोबाइल नंबर

* बार-बार फोन कर पैसों की मांग और पसंद करने की बात कही
* गाडगेनगर पुलिस ने पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में दर्ज किया मामला
अमरावती/दि.3 – ऑनलाइन सामान मंगाने के दौरान गलत लोकेशन भेजना अमरावती की एक 13 वर्षीय किशोरी के लिए परेशानी का कारण बन गया. डिलीवरी से संबंधित जानकारी लेने के लिए किशोरी ने जिस मोबाइल नंबर पर संपर्क किया, आरोप है कि उसी व्यक्ति ने उसका नंबर हासिल कर बाद में उसे बार-बार फोन किया. इतना ही नहीं, आरोपी ने किशोरी की तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर पैसों की मांग शुरू कर दी. किशोरी द्वारा विरोध करने पर भी आरोपी कथित रूप से उसे धमकाता रहा और यह तक कहने लगा कि वह उसे पसंद करता है. मामला सामने आने के बाद गाडगेनगर पुलिस ने किशोरी की शिकायत पर आदिल खान नामक आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 78(2), 308(2), 351(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 8 और 12 के तहत मामला दर्ज किया है. इन धाराओं में सात वर्ष से अधिक की सजा का प्रावधान है.
पुलिस के अनुसार, 13 वर्षीय किशोरी अपनी पढ़ाई के सिलसिले में मां के साथ अमरावती में रहती है. उसने बिल्किंट एप के माध्यम से ऑनलाइन सामान मंगाया था. ऑर्डर के दौरान किशोरी की ओर से गलती से गलत लोकेशन चली गई. डिलीवरी को लेकर जानकारी लेने के लिए किशोरी ने बिल्किंट एप से मिले संबंधित डिलीवरी व्यक्ति के मोबाइल नंबर पर फोन किया. आरोप है कि आरोपी ने उससे वर्तमान लोकेशन भेजने के लिए कहा और इसी दौरान उसका मोबाइल नंबर भी प्राप्त कर लिया.
शिकायत के अनुसार, अगले दिन आरोपी आदिल खान ने किशोरी को वाट्सऐप पर संदेश भेजा. उसने कथित रूप से अपना परिचय देते हुए कहा कि, ‘पहचाना, मैंने कल आपको पार्सल लाकर दिया था, मैं आदिल बात कर रहा हूं.’ इसके बाद आरोपी कथित रूप से किशोरी को बार-बार फोन करने लगा और उससे पैसे की मांग करने लगा. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने किशोरी की तस्वीरें लेकर उन्हें वायरल करने की धमकी भी दी. डर के कारण किशोरी ने आरोपी को 100 रुपये ऑनलाइन भेजे.
शिकायत के अनुसार, 100 रुपये मिलने के बाद भी आरोपी की कथित पैसों की मांग बंद नहीं हुई. वह बार-बार किशोरी को धमकाकर पैसे मांगता रहा. इसी दौरान उसने किशोरी से कहा कि वह उसे पसंद करता है. किशोरी ने आरोपी के इस व्यवहार का विरोध करते हुए उसे साफ इनकार कर दिया. इसके बाद किशोरी ने पूरी घटना अपने पिता को बताई. पिता के साथ वह गाडगेनगर पुलिस थाने पहुंची और पुलिस को पूरी जानकारी दी.
किशोरी और उसके पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं. शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया गया है और एफएसएल से संबंधित प्रक्रिया तथा वाहन की जांच किए जाने की जानकारी भी सामने आई है. पुलिस आरोपी द्वारा कथित रूप से किए गए फोन, वाट्सऐप संदेश, तस्वीरें और पैसों के लेन-देन सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है. मामले की जांच गाडगेनगर पुलिस थाने के पुलिस उपनिरीक्षक प्रणित पाटील कर रहे हैं.





