अचलपुर-यवतमाल रेल मार्ग को मिली गति, डीपीआर की तैयारी

बहुप्रतीक्षित रेल परियोजना

* तीनों जिलों के हजारों यात्रियों को मिलेगी राहत
अमरावती/दि.3 – वर्षों से लटके अचलपुर-मूर्तिजापुर-यवतमाल संकीर्ण रेल मार्ग को चौडा अर्थात ब्रॉड गेज में परिवर्तित किए जाने की आशाएं बलवती हुई है. दो रोज पहले मध्य रेल के प्रबंधक कार्यालय में संभाग के सांसदों ने इस विषय पर व्यापक चर्चा की और प्रबंधक से मांग की. जिसके बाद डीपीआर बनाने के लिए रेलवे राजी हो जाने की खबर है.
* बरसों से प्रतीक्षा
अधिकारियों और सांसदों के बीच महत्वपूर्ण बैठक में व्यापक चर्चा हुई. विदर्भ के अनेक रेल प्रकल्पों और नई गाडियों, फेरियां बढाने सहित सुविधाओं के बारे में जनप्रतिनिधियों ने अफसरान के सामने मांगे रखी. इसी के तहत बरसों से प्रतीक्षित रेल लाइन गेज परिवर्तन का मुद्दा रखा गया. अचलपुर-यवतमाल मार्ग पर शकुंतला रेलवे चलती थी. उसके स्थान पर ब्रॉड गेज बनाने की मांग बरसों से की जा रही है.
* डीपीआर पर राजी
रेलवे अधिकारियों ने अचलपुर-मूर्तिजापुर-यवतमाल रेल मार्ग को ब्रॉड गेज में तब्दील करने की मांग तत्वत: मान्य की है. परियोजना का मैदानी सर्वे पूर्ण हो गया है. भू-तकनीकी जांच, यातायात सर्वे, अभियांत्रिकी प्रारुप और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानि डीपीआर बनाने की प्रक्रिया शुरु कर देने की जानकारी रेल प्रशासन ने इस समय दी. जिससे क्षेत्र को लंबे इंतजार के बाद रेल लाइन के ब्रॉड गेज में परिवर्तित करने का संकेत प्राप्त हुआ है.

Back to top button