बैंक लॉकर से एक करोड का सोना चोरी
आरोपी कर्मचारी गिरफ्तार

अकोला/दि.3- यहां एमजी रोड स्थित सेंट्रल बैंक इंडिया की शाखा से लॉकर में रखा 715 ग्राम से अधिक सोना चोरी हो जाने का सनसनीखेज प्रकरण सामने आया है. पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए आनन-फानन में बैंक में सफाई कर्मी के रूप में रखे गये युवक को अरेस्ट किया है. आरोपी ने कथित रूप से सोने के जेवरात की हेराफेरी की बात कबूल कर ली है. कुल 1 करोड 7 लाख 25 हजार के गहने चोरी जाने की शिकायत दी गई.
बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक पंकज कमलाप्रसाद श्रीवास्तव (52) की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने दफा 316 (4) और 318 (4) अंतर्गत शिकायत दर्ज की है. आरोपी वैभव धनराज कोल्हे (29, बोरगांव खुर्द) को गिरफ्तार किया. पुलिस का दावा है कि आरोपी ने सोने की अफरातफरी करने का आरोप स्वीकार किया है. पुलिस इस चोरी में और भी कोई अधिकारी-कर्मी सहभागी है क्या, इस बात का पता लगा रही है.
पुलिस ने बताया कि सेंट्रल बैंक शाखा में डेली वेजेस पर क्लीनर नियुक्त करने का अधिकार श्रीवास्तव को रहा उन्होंने वैभव कोल्हे को नियुक्त किया था. बैंक के डिमांड लोन संबंधित व्यवहारों में हेराफेरी देखी गई. बैंक के लॉकर में रखे गये सोने के आभूषणों में भी हेराफेरी होने का आरोप है. बैंक लॉकर से 1 करोड का सोना चोरी हो जाने का घटना उजागर हो जाने से खाते धारकों को हडकंप मचा है. उधर पुलिस क्लीनर के लॉकर तक पहुंचने, उसमें से सोना निकालने और इस पूरे खेल में अन्य किन लोगों का हाथ है, यह पता लगाने में जुटी होने का दावा किया गया है.





