रविनगर में सरेआम व सरेराह चाकू मारकर कॉलेज छात्रा की हत्या
अपनी तरह की पहली घटना से पूरे अमरावती शहर में मचा हडकंप

* शर्वरी गणेश हाडके पर हमला कर अज्ञात युवक ने उतारा मौत के घाट
* रविनगर की पुलिया पर दिनदहाडे रास्ता रोककर हुआ जानलेवा हमला
* हमले में गंभीर रूप से घायल शर्वरी ने रिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोडा
* अंबाविहार परिसर निवासी शर्वरी थी बियाणी सायंस कॉलेज में बीएससी फर्स्ट ईयर की छात्रा
* वारदात के बाद हमलावर युवक मौके से भाग निकला, हमले की वजह अज्ञात
* सूचना मिलते ही पुलिस का दल पहुंचा मौके पर, हमलावर युवक की सरगर्मी से तलाश जारी
* घटना के चलते परिसर में जबरदस्त सनसनी, छात्राओं व युवतियों की सुरक्षा पर उठ रहे सवाल
अमरावती /दि.3- स्थानीय रविनगर परिसर में आज दोपहर उस समय सनसनी मच गई, जब अपने कॉलेज जा रही 18 वर्षीय छात्रा का एक अज्ञात युवक ने रास्ता रोकने के साथ ही उस पर तेज धारदार चाकू से सपासप वार किए. इस हमले में बुरी तरह घायल छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई. इस वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर युवक मौका पाकर फरार होने में कामयाब रहा. वहीं दूसरी ओर घटनास्थल सहित रिम्स अस्पताल में परिसरवासियों की बेहद संतप्त भीड जमा हो गई. इस वारदात की सूचना मिलते ही राजापेठ पुलिस सहीत शहर पुलिस के आला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच पडताल करनी शुरू की. समाचार लिखे जाने तक इस हत्याकांड को अंजाम देनेवाले युवक तथा हत्याकांड की वजह ज्ञात नहीं हो पायी थी. हालांकि राजापेठ पुलिस के थानेदार संदीप चव्हाण ने दावा किया कि, घटनास्थल से मिले कुछ सबुतों के आधार पर आरोपी युवक की पहचान कर ली गई है. जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मृतक छात्रा की पहचान शर्वरी गणेश हाडके (18, अंबाविहार) के तौर पर की गई है. दिनदहाडे सरेआम व सरेराह घटित हुई इस वारदात से पूरे शहर में जबरदस्त हडकंप व्याप्त है.
इस संदर्भ में मिली विस्तृत जानकारी के मुताबिक, शर्वरी हाडके स्थानीय अंबाविहार परिसर की निवासी थी और बियाणी साइंस कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी. शर्वरी आज दोपहर 12 बजे के आसपास अपनी लाल रंग की एक्टीवा क्रमांक एमएच-27/एएन-6091 पर सवार होकर अपने घर से बियाणी कॉलेज की ओर जा रही थी. जिस वक्त वह रविनगर नाले के पुल से गुजर रही थी. उसी समय चॉकलेटी लाल रंग की होंडा शाईन दुपहिया पर सवार होकर आए एक अज्ञात युवक ने शर्वरी को रास्ते में रूकाने का प्रयास किया और जब शर्वरी ने उस युवक के प्रयास पर कोई प्रतिसाद नहीं दिया तो, उस युवक ने शर्वरी के वाहन को कट मारकर उसे सडक पर गिरा दिया और फिर अपनी जेब से तेज धारदार चाकू निकालकर शर्वरी पर हमला कर दिया. इस समय उस युवक ने कुछ ही क्षणों में शर्वरी के पेट, पीठ, सीने व गर्दन पर चाकू से कई बार सपासप वार किए. अचानक हुए हमले से शर्वरी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी. आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
खास बात यह रही कि, इसी दौरान रविनगर पुल से ऑटो चालक विनय काले अपना ऑटो क्रमांक एमएच-27/बीझेड-1108 लेकर गुजर रहे थे और उनके ऑटो में राहुल इंगोले नामक एक यात्री सवार था. इन दोनों लोगों की नजर रविनगर पुल पर घटित हो रही वारदात पर पडी और एक युवती पर एक युवक द्वारा चाकू से हमला होते देख विनय काले और राहुल इंगोले ने बेहद साहस का परिचय दिया. दोनों तत्काल हमलावर की ओर दौड़े और उसे रोकने का प्रयास किया. दोनों ने हमलावर पर धावा बोलकर उसके चंगुल से घायल शर्वरी को छुड़ाया. दो लोगों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी वहां से भागने लगा. मौका मिलते ही वह अपनी रेड चॉकलेट रंग की होंडा शाइन मोटरसाइकिल पर सवार हुआ और फरार हो गया. हमलावर के भागने के बाद विनय काले और राहुल इंगोले ने घायल शर्वरी को सड़क से उठाया और बिना समय गंवाए उसे ऑटो में बैठाकर अस्पताल की ओर रवाना हुए.
* आठ गहरे घावों से लहूलुहान थी शर्वरी
हमले में शर्वरी के शरीर पर चाकू के करीब आठ गहरे घाव बताए जा रहे हैं. वह गंभीर रूप से घायल थी और काफी रक्तस्राव हो चुका था. प्रत्यक्षदर्शियों की तत्परता के कारण उसे घटना के तुरंत बाद रिम्स अस्पताल पहुंचाया जा सका. रिम्स अस्पताल में डॉक्टरों ने शर्वरी का तत्काल उपचार शुरू किया. उसकी हालत बेहद गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे बचाने के लिए प्रयास किए, लेकिन हालत बिगड़ती चली गई और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.
* अस्पताल से पुलिस को मिली सूचना
शर्वरी को रिम्स अस्पताल लाए जाने के बाद अस्पताल के डॉ. वानखड़े ने राजापेठ पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही राजापेठ पुलिस का दल अस्पताल पहुंचा. इसके साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का भी निरीक्षण किया. पुलिस ने घटनास्थल की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. वारदात के बाद फरार हुए हमलावर की तलाश के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है.
* सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
वारदात जिस स्थान पर हुई, उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है. पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास के मार्गों तथा संभावित भागने के रास्तों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. हमलावर जिस होंडा शाइन मोटरसाइकिल से फरार हुआ, उसके रंग और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर भी उसकी तलाश की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी वारदात के बाद किस दिशा में भागा और उसने वाहन कहां तक इस्तेमाल किया.
* हत्या के पीछे की वजह अब भी रहस्य
शर्वरी की हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या है, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है. क्या आरोपी छात्रा को पहले से जानता था? क्या दोनों के बीच कोई पुराना विवाद था? क्या यह हमला किसी व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम था? इन तमाम पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है. पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने के साथ ही शर्वरी के परिचितों और परिवार के सदस्यों से भी जानकारी जुटा सकती है. हत्या की वजह सामने आने के बाद ही इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की पूरी कहानी स्पष्ट हो सकेगी.
* सामान्य परिवार की इकलौती बेटी थी शर्वरी
शर्वरी का परिवार बेहद सामान्य आर्थिक पृष्ठभूमि से है. उसके पिता गणेश हाडके नावंदर पब्लिसिटी में होर्डिंग लगाने का काम करते हैं. परिवार में माता-पिता के अलावा शर्वरी और उसका छोटा भाई है. चार सदस्यों का परिवार मेहनत के सहारे अपना जीवन यापन कर रहा था. शर्वरी अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी. पढ़ाई कर वह अपने भविष्य को संवारने के सपने देख रही थी. बीएससी प्रथम वर्ष में दाखिला लेकर उसने उच्च शिक्षा की दिशा में कदम बढ़ाया था. परिवार के लिए उसकी अचानक हुई मौत किसी बड़े सदमे से कम नहीं है.
* मां का रो-रोकर बुरा हाल
बेटी की हत्या की खबर मिलते ही शर्वरी की मां पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. रिम्स अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. जिस बेटी को परिवार ने पढ़-लिखकर आगे बढ़ने के सपने देखे थे, उसी बेटी का शव देखकर परिजन सदमे में हैं. शर्वरी के पिता गणेश हाडके परिवार का पालन-पोषण करने के लिए मेहनत करते हैं. बेटी की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है. रिश्तेदार और परिचित लगातार परिवार को सांत्वना देने का प्रयास कर रहे हैं.
* प्रत्यक्षदर्शियों की बहादुरी ने बचाई जान की उम्मीद, लेकिन…
वारदात के दौरान विनय काले और राहुल इंगोले द्वारा दिखाई गई हिम्मत की परिसर में चर्चा है. दोनों ने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना हमलावर को रोकने का प्रयास किया और घायल शर्वरी को उसके चंगुल से छुड़ाया. इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. हालांकि, गंभीर चोटों के चलते शर्वरी की जान नहीं बच सकी. अगर दोनों प्रत्यक्षदर्शी समय रहते हस्तक्षेप नहीं करते तो स्थिति और भी भयावह हो सकती थी.
* घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
शहर के बीचोंबीच दिनदहाड़े एक कॉलेज छात्रा को रोककर चाकू से हमला किए जाने की घटना ने नागरिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सार्वजनिक स्थान पर दोपहर के समय हुई इस वारदात से नागरिकों में भय का माहौल है. परिसरवासियों का कहना है कि शहर में महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन को और अधिक प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है. नागरिकों ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर हत्या की वजह सामने लाने तथा उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
* पुलिस के सामने आरोपी को पकड़ने की चुनौती
फिलहाल राजापेठ पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती फरार हमलावर को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना है. पुलिस विभिन्न कोणों से मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल से मिले संभावित सुराग, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, आसपास के सीसीटीवी फुटेज और आरोपी के वाहन से संबंधित जानकारी को जांच का आधार बनाया जा रहा है. इस तरह दिनदहाड़े हत्या ने अमरावती शहर को झकझोर दिया है. अब शहरवासियों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी पर टिकी हैं.
* आरोपी तक पहुंची राजापेठ पुलिस
– मुर्तिजापुर का भड नामक युवक है आरोपी
– दो-तीन साल पहले आरोपी की शर्वरी से हुई थी दोस्ती
इसी बीच पुलिस सुत्रों सहित मृतक शर्वरी हाडके की दो-तीन सहेलियों से मिली जानकारी के मुताबिक, मुर्तिजापुर से वास्ता रखनेवाले भड नामक युवक के साथ शर्वरी की विगत करीब दो-तीन वर्षों से जान पहचान व दोस्ती थी. लेकिन यह दोस्ती करीब एक माह पहले किसी बात के चलते अचानक ही टूट गई. पता चला है कि, भड नामक उक्त युवक ने अमरावती में ही रहकर बी. कॉम कर पढाई-लिखाई की है और वह गोपालनगर परिसर स्थित एसी मेकॅनिक शॉप में नोकरी किया करता था तथा कॉल पर लोगों के यहां एसी सुधारने जाया करता था. जानकारी यह भी है कि, शर्वरी से मित्रता टूटने के बाद एक माह पहले उक्त युवक अमरावती छोडकर मुर्तिजापुर वापिस चला गया था. जहां से वह आज सुबह ही अपनी होंडा शाईन दुपहिया पर बैठकर अमरावती के लिए रवाना हुआ था. चुंकि भड नामक उस युवक को शर्वरी के घर से कॉलेज आने-जाने का समय अच्छी तरह से पता था. इसके चलते मुर्तिजापुर से अमरावती आने के बाद उसने रविनगर पुलिया के पास शर्वरी का रास्ता रोका और फिर उससे दो-तीन मिनट तक बातचित की. बातचित के दौरान ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई और इसी समय भड नामक युवक ने अपनी बैग में छिपाकर लाए गए सब्जी काटनेवाले चाकू को निकालकर शर्वरी पर सपासप वार करने शुरू कर दिए. अचानक हुए इस हमले में शर्वरी बुरी तरह से घायल हो गई. जिसकी इलाज हेतु भर्ती कराये जाने के बाद अस्पताल में मौत हो गई. इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने अब भड नामक उक्त युवक की सरगर्मी से तलाश करनी शुरू कर दी है. साथ ही पूरे मामले की सघन जांच की जा रही है.





