हमालपुरा में दिनदहाड़े मंदिर में चोरी का प्रयास

नागरिकों की सतर्कता से संदिग्ध पकड़ा गया

* चांदी के नेत्र और पूजा सामग्री चुराने का किया प्रयास; पुलिस ने हिरासत में लिया
अमरावती/दि.31– शहर के हमालपुरा परिसर स्थित श्री हनुमान मंदिर और समीप के गजानन महाराज मंदिर परिसर में रविवार सुबह करीब 9.30 बजे चोरी के प्रयास की घटना सामने आने से हड़कंप मच गया. एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा श्री हनुमान मंदिर में रखे चांदी के नेत्र सहित अन्य पूजा सामग्री निकालकर चोरी करने का प्रयास किए जाने की जानकारी सामने आई है.
बताया जाता है कि संदिग्ध व्यक्ति मंदिर परिसर में चोरी का प्रयास कर रहा था. इसी दौरान आसपास मौजूद नागरिकों को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ. नागरिकों ने सतर्कता बरतते हुए उसे घटनास्थल के पास ही पकड़ लिया. इसके बाद तत्काल 112 आपातकालीन सेवा पर फोन कर पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और नागरिकों द्वारा पकड़े गए संदिग्ध को हिरासत में लिया. पुलिस द्वारा उससे पूछताछ की जा रही है तथा चोरी के प्रयास के पीछे उसके उद्देश्य और मंदिर से किसी सामग्री के चोरी होने के संबंध में जांच की जा रही है. मंदिर में सुबह के समय दिनदहाड़े चोरी का प्रयास होने से परिसर के नागरिकों में रोष और चिंता का माहौल है. नागरिकों ने सवाल उठाया कि यदि दिन के समय मंदिर भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का क्या होगा. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की नियमित आवाजाही रहती है. इसके बावजूद चोरी का प्रयास होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. नागरिकों ने मंदिर परिसर में सुरक्षा बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी मजबूत करने तथा नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है. फिलहाल पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही चोरी के प्रयास की पूरी घटना तथा आरोपी की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.

Back to top button