बीएसएनएल का कामकाज गतिमान करें, ग्राहकों को उच्च दर्ज की सुविधाएं दें
सांसद डॉ. अनिल बोंडे के अधिकारियों को निर्देश

* दूरसंचार सलाहकार समिति की बैठक संपन्न
* स्थानीय कनेक्टिविटी मजबूत करने पर जोर
अमरावती /दि.31– बीएसएनएल की सेवाओं को अधिक गतिमान बनाने, सोशल मीडिया पर सक्रियता बढ़ाने, कार्यालयीन पत्राचार एवं कामकाज हिंदी में करने तथा हिंदी पखवाड़े का प्रभावी आयोजन करने के निर्देश राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने दिए. शनिवार को उनकी अध्यक्षता में आयोजित दूरसंचार सलाहकार समिति की बैठक में बीएसएनएल के कामकाज की विस्तृत समीक्षा की गई.
बैठक में अमरावती जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से प्राप्त बीएसएनएल संबंधी विभिन्न शिकायतों पर विस्तार से चर्चा की गई. विधायक प्रताप अडसड तथा मेलघाट के पूर्व विधायक प्रभुदास भिलावेकर द्वारा अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में नेटवर्क एवं दूरसंचार से जुड़ी समस्याओं की ओर भी ध्यान आकर्षित कराया गया. इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए. डॉ. बोंडे ने कहा कि बीएसएनएल को ग्राहकों की सुविधा को केंद्र में रखते हुए अपनी सेवाओं में सुधार करना चाहिए. उन्होंने बीएसएनएल की नई सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने के लिए कवि सम्मेलन जैसे जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित करने का भी सुझाव दिया. बैठक में बीएसएनएल की स्थानीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने, ग्राहकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने तथा सेवा की गुणवत्ता में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया गया. इस अवसर पर बीएसएनएल की महाप्रबंधक माधुरी निमजे, सदस्य उमेश अकारते, सागर शिंगणे, अंकुश बडगोचर, शशांक पठारे, एड. अरुण जिचकार, प्रवीण वैश्य, राजेश आखेगावकर, दीपक पोहेकर, रविकिरण वाघमारे, सांसद बलवंत वानखड़े के निजी सचिव ओमप्रकाश झोड सहित बीएसएनएल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.
* ‘अंतिम छोर तक बेहतर कनेक्टिविटी पहुंचाना लक्ष्य’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का दूरसंचार क्षेत्र तेजी से मजबूत हो रहा है. स्थानीय स्तर पर अंतिम व्यक्ति तक बेहतर कनेक्टिविटी पहुंचाना हमारा मुख्य उद्देश्य है. बीएसएनएल अपने कामकाज में अधिक गतिशीलता लाकर नागरिकों को उच्च दर्जे की सुविधाएं उपलब्ध कराए, ताकि आम जनता का विश्वास और मजबूत हो.
– डॉ. अनिल बोंडे, राज्यसभा सांसद





