चिखलदरा में ‘वेस्ट से बेस्ट’ प्रतियोगिता, बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता

छह स्कूलों के 100 विद्यार्थियों ने टाकाऊ वस्तुओं से बनाई उपयोगी चीजें

मुख्याधिकारी शुभम पांचगिरीकर ने किया मूल्यांकन
चिखलदरा/दि.16- बेकार समझकर फेंक दी जाने वाली वस्तुओं का उपयोग कर आकर्षक और उपयोगी चीजें बनाई जा सकती हैं. इसी संदेश के साथ चिखलदरा नगर परिषद की ओर से शुक्रवार को ‘वेस्ट से बेस्ट’ प्रतियोगिता आयोजित की गई. नगर परिषद अध्यक्ष अब्दुल भाई की पहल पर नगर परिषद कार्यालय के सभागृह में आयोजित इस प्रतियोगिता में छह स्कूलों के कक्षा पहली से दसवीं तक के करीब 100 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया. बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति और हुनर का परिचय देते हुए अनुपयोगी वस्तुओं से कई उपयोगी चीजें तैयार कीं और उनके बारे में प्रस्तुतिकरण किया.
प्रतियोगिता की थीम ‘टाकाऊ वस्तुओं से टिकाऊ वस्तुएं बनाना’ रखी गई थी. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के साथ कचरे के पुनः उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था. बच्चों ने अलग-अलग वस्तुओं को नया रूप देकर यह दिखाया कि थोड़ी कल्पनाशक्ति और मेहनत से बेकार सामग्री का भी बेहतर इस्तेमाल किया जा सकता है.
* छह स्कूलों के विद्यार्थियों की भागीदारी
प्रतियोगिता में नगर परिषद स्कूल के कक्षा पहली से पांचवीं तक के 19 विद्यार्थी, गिरिजन विद्यालय के कक्षा पहली से आठवीं तक के चार विद्यार्थी, नगर परिषद उर्दू स्कूल के कक्षा पहली से सातवीं तक के 16 विद्यार्थी, होली क्रॉस स्कूल के कक्षा पहली से आठवीं तक के 20 विद्यार्थी, सेंट जॉन स्कूल के कक्षा पहली से पांचवीं तक के 39 विद्यार्थी और क्रिसेंट स्कूल के दसवीं कक्षा के दो विद्यार्थियों ने भाग लिया. विद्यार्थियों ने अपनी बनाई वस्तुओं को प्रदर्शित करते हुए उनके उपयोग और निर्माण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी. बच्चों के आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुतिकरण और उनकी कल्पनाशीलता ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया.
* तीन पुरस्कारों के चयन में मशक्कत
प्रतियोगिता का मूल्यांकन नगर परिषद के मुख्याधिकारी शुभम पांचगिरीकर ने किया. तैयार वस्तुओं की उपयोगिता, रचनात्मकता और प्रस्तुतिकरण सहित निर्धारित मानकों के आधार पर विद्यार्थियों के कार्यों का आकलन किया गया. बच्चों ने उत्साहपूर्वक अपनी कला प्रस्तुत की, जिससे विजेताओं का चयन करना परीक्षक के लिए चुनौतीपूर्ण रहा. प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में 3,100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 2,100 रुपये और तृतीय पुरस्कार के रूप में 1,100 रुपये देने की घोषणा की गई. इसके अतिरिक्त नगर परिषद अध्यक्ष की ओर से अन्य प्रतिभागियों के लिए प्रोत्साहन पुरस्कार देने की भी घोषणा की गई.
* शिक्षकों और नगर परिषद कर्मचारियों का सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर परिषद स्कूल की लीना वानखेड़े, कविता ढोले, योगेश राउत, विनोद अभ्यंकर, शमीम बानो और मोहसिन शेख सहित शिक्षकों ने सहयोग दिया. सेंट जॉन स्कूल की दीप्ति वानखेड़े, निर्मल धिक्कार, ममता पाल और कोमल मनोहरे भी आयोजन में सहभागी रहे. नगर परिषद कर्मचारी अमोल दहिकर, वैभव नरूले, आकाश ढेमरे, धनश्री रोकड़े, विजय इंगले और कुमार सावंत सहित अन्य कर्मचारियों ने व्यवस्था संभाली. नगर परिषद की बंद पड़ी स्कूल को दोबारा शुरू करने के बाद इस तरह की प्रतियोगिता पहली बार आयोजित किए जाने से विद्यार्थियों और अभिभावकों में खासा उत्साह दिखाई दिया. कार्यक्रम में नगरसेवक और नगरसेविकाएं भी उपस्थित रहीं.

Back to top button