अंबापेठ गोल्डन ने जीती विदर्भ स्तरीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप
रोमांचक फाइनल में अमर मंडल बडनेरा को दी शिकस्त

रामकमल गोल्डन तीसरे स्थान पर
अमरावती/दि.5 – बडनेरा शहर के जयहिंद मैदान पर दो दिनों तक चले रोमांचक खेल मुकाबलों के बाद विदर्भ स्तरीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप का शानदार समापन हुआ. फाइनल मुकाबले में अंबापेठ गोल्डन, अमरावती ने शानदार वापसी करते हुए मेजबान अमर मंडल बडनेरा को पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया. अमर मंडल को उपविजेता स्थान से संतोष करना पड़ा, जबकि रामकमल गोल्डन ने तीसरा स्थान हासिल किया. दो दिवसीय प्रतियोगिता में विदर्भ के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 24 टीमों ने हिस्सा लिया. पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने दमदार खेल, अनुशासन और शानदार टीमवर्क का प्रदर्शन किया. मुकाबले देखने के लिए बडनेरा, अमरावती और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खेल प्रेमी जय हिंद मैदान पहुंचे.
प्रतियोगिता के निर्णायक दौर में पहला सेमीफाइनल अमर मंडल बडनेरा और अकोला की टीम के बीच खेला गया. दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, लेकिन बेहतर तालमेल और दमदार प्रदर्शन के चलते अमर मंडल ने जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश किया. दूसरे सेमीफाइनल में अंबापेठ गोल्डन का मुकाबला रामकमल गोल्डन से हुआ. अंबापेठ की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए रामकमल को शिकस्त दी और फाइनल में जगह बनाई.
* पहला सेट अमर मंडल के नाम, बाद में अंबापेठ की शानदार वापसी
फाइनल मुकाबला अमर मंडल बडनेरा और अंबापेठ गोल्डन अमरावती के बीच खेला गया. दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में दोनों टीमों के बीच शुरुआत से ही कांटे की टक्कर रही. पहले सेट में अमर मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बढ़त हासिल की. हालांकि, अंबापेठ गोल्डन के खिलाड़ियों ने दबाव में आए बिना दूसरे सेट में जोरदार वापसी की और मुकाबला बराबरी पर ला दिया. निर्णायक तीसरे सेट में अंबापेठ के खिलाड़ियों ने बेहतर समन्वय, आक्रामक खेल और मजबूत डिफेंस के दम पर अमर मंडल को पीछे छोड़ दिया. निर्णायक सेट जीतते ही मैदान तालियों और जयघोष से गूंज उठा और अंबापेठ गोल्डन ने चैंपियनशिप अपने नाम कर ली.
* विजेता टीम को 7 हजार रुपए का पुरस्कार
समापन समारोह में विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को प्रमाणपत्र, सम्मानचिह्न एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. प्रथम स्थान प्राप्त अंबापेठ गोल्डन को 7 हजार रुपए, द्वितीय स्थान प्राप्त अमर मंडल बडनेरा को 5 हजार रुपए तथा तृतीय स्थान प्राप्त रामकमल गोल्डन को 3 हजार रुपए का पुरस्कार दिया गया. इस अवसर पर शेर सिंह उर्फ पापे ठाकुर, अकरम देशमुख, मोहम्मद अजहर, सिंघाई पेट्रोल पंप वाले सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे. अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया.
* अंबापेठ की जीत में इन खिलाड़ियों का योगदान
अंबापेठ गोल्डन की खिताबी जीत में अजय, धीरज, आशीष, प्रतीक, धनराज, विशाल और राजा ने शानदार प्रदर्शन किया. खिलाड़ियों के बीच बेहतरीन तालमेल और कोच के मार्गदर्शन ने टीम को खिताब तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
* 1954 से खेल प्रतिभाओं को मंच दे रहा अमर मंडल
अमर मंडल बडनेरा की स्थापना वर्ष 1954 में हुई थी. संस्था ने स्थापना के बाद से क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. अमर मंडल से जुड़े कई खिलाड़ी सरकारी सेवाओं में चयनित हुए हैं, जबकि अनेक खिलाड़ियों ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है. बडनेरा में वॉलीबॉल की खेल संस्कृति को बनाए रखने और नई पीढ़ी को इस खेल से जोड़ने में अमर मंडल का योगदान उल्लेखनीय रहा है. वर्तमान में शेर सिंह उर्फ पापे ठाकुर के मार्गदर्शन में संस्था द्वारा वॉलीबॉल को बढ़ावा देने के साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है.
* आयोजन में इनका रहा योगदान
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अब्दुल माजिद अब्दुल बारी, जुबेर अहमद, इरफान खान, वैभव ठाकुर, अजय गजभिए, सूरज गजभिए, जावेद अली, मोहम्मद सोहेल, जावेद चौधरी, दीपेश सोलंकी, राहुल वानखेडे, समीर शाह, तनवीर भाई, रिजवान शाह, विशाल रघाते और मोहम्मद शाकिर सहित आयोजन से जुड़े सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया. दो दिनों तक मंच संचालन एवं कमेंट्री की जिम्मेदारी फहीम देशमुख और जमील सर ने संभाली. उनकी प्रभावी कमेंट्री ने मुकाबलों के रोमांच को और बढ़ाया.
* हजारों खेल प्रेमियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
दो दिनों तक जयहिंद मैदान वॉलीबॉल के जुनून से सराबोर रहा. बडनेरा, अमरावती और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मुकाबले देखने पहुंचे. दर्शकों की तालियों और उत्साह ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया. अंबापेठ गोल्डन की खिताबी जीत के साथ संपन्न हुई यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच देने के साथ-साथ बडनेरा में मजबूत होती खेल संस्कृति और वॉलीबॉल के प्रति युवाओं के बढ़ते आकर्षण की तस्वीर भी पेश कर गई.





