तपोवन-विद्यापीठ परिसर में तेंदुए की दहशत
नागरिकों ने मनपा आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

अंधेरे रास्तों पर हाईपावर स्ट्रीट लाइट लगाने और नाले के दोनों ओर हैलोजन की मांग
भाकपा के नेतृत्व में नागरिकों ने उठाया सुरक्षा का मुद्दा
अमरावती /दि.6- तपोवन-विद्यापीठ परिसर में तेंदुए की बढ़ती आवाजाही से नागरिकों में दहशत का माहौल है. तेंदुए के कारण मानव जीवन को संभावित खतरे को देखते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की तपोवन-विद्यापीठ शाखा तथा परिसर के नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल ने मनपा आयुक्त से मुलाकात कर सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक उपाय करने की मांग की. इस संबंध में नागरिकों के हस्ताक्षर वाला ज्ञापन भी सौंपा गया.
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि विद्यापीठ चौक से तपोवन संस्था के बीच सड़क पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है. इसके अलावा सड़क के बीच से गुजरने वाले नाले के रास्ते तेंदुए की आवाजाही होने की आशंका है. पोहराबंदी अभयारण्य क्षेत्र से विद्यापीठ तालाब, विद्यापीठ नाला और तपोवन परिसर के नाले के रास्ते तेंदुआ इस क्षेत्र में पहुंचता है. इसके चलते तेंदुआ कई बार नागरिकों को दिखाई देने की बात प्रतिनिधिमंडल ने कही. नागरिकों ने कहा कि शाम और रात के समय इस मार्ग पर अंधेरा रहने के कारण तेंदुए की मौजूदगी से खतरा और बढ़ जाता है. इसलिए विद्यापीठ चौक से तपोवन संस्था तक कम अंतराल पर हाईपावर स्ट्रीट लाइट लगाने तथा नाले के दोनों ओर हैलोजन लाइट लगाने की मांग की गई है. प्रतिनिधिमंडल ने मनपा आयुक्त डॉ. गोंदावले के साथ इस विषय पर चर्चा करते हुए नागरिकों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की. इस अवसर पर भाकपा तपोवन-विद्यापीठ शाखा के सचिव सुशील ढोले, सहसचिव अशोकराव राऊत, भाकपा राज्य कार्यकारिणी सदस्य अशोक सोनारकर, आयटक जिलाध्यक्ष जे. एम. कोठारी, भारतीय महिला फेडरेशन की जिला संगठक लता सोनारकर, भाकपा अमरावती तहसील सचिव नीलकंठ ढोके सहित सुमेध पुडके, हिरामन गावंडे, जगदीश तायडे, ढोणे, मनीष सोनोनें, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी रामटेके और श्याम बोडखे सहित परिसर के नागरिक उपस्थित थे.





