श्री समर्थ विद्यालय में गांधी जयंती पर स्वच्छता अभियान

शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मिलकर की विद्यालय परिसर की सफाई

अमरावती/दि.12 – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर अमरावती शहर के प्रतिष्ठित श्री समर्थ विद्यालय में स्वच्छता अभियान चलाया गया. इस अभियान में विद्यालय के पदाधिकारियों, शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. सभी ने मिलकर कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, कार्यालय और संपूर्ण विद्यालय परिसर की सफाई की.
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के मुख्याध्यापक धनंजय पाठक, पर्यवेक्षक मधुसूदन वटक और अमित कापगते द्वारा महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं का पूजन एवं माल्यार्पण कर की गई. इस अवसर पर पर्यवेक्षक मधुसूदन वटक ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और शांति के सिद्धांतों की जानकारी दी. साथ ही गांधीजी और लालबहादुर शास्त्री के जीवन, कार्यों तथा राष्ट्र के प्रति उनके योगदान से विद्यार्थियों को अवगत कराया. विद्यालय की कक्षा छठवीं की छात्राएं त्रिशा रमेश मंडले और नेहा अनिल गाढवे ने महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के जीवन पर भाषण प्रस्तुत किए. इसके बाद मुख्याध्यापक, पर्यवेक्षकों, शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता अभियान चलाया. विद्यालय के एनसीसी विद्यार्थियों सहित अन्य विद्यार्थियों ने अनुशासन का परिचय देते हुए अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया. इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों की सहभागिता उल्लेखनीय रही. कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन सहायक शिक्षिका ममता तायडे ने किया. मुख्याध्यापक धनंजय पाठक के मार्गदर्शन में विद्यालय की स्वच्छता समिति के प्रमुख पुरुषोत्तम जिचकार और सारिका जोशी के नेतृत्व में अभियान का सुव्यवस्थित नियोजन किया गया. स्वच्छता अभियान के समापन पर विद्यालय की ओर से अभियान में सहभागी सभी लोगों को अल्पाहार वितरित किया गया.

Back to top button