मिर्जा पार्क में ठूंसकर रखे 14 मवेशियों को दिया जीवनदान

खोलापुरी गेट पुलिस की कार्रवार्ई

अमरावती/दि.12 – अमरावती शहर के खोलापुरी गेट पुलिस थाना क्षेत्र के मिर्जा पार्क में अवैध रूप से मवेशियों को रखने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 14 छोटे-बड़े मवेशियों को जब्त किया है. जब्त मवेशियों की कुल कीमत करीब 2 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है. पुलिस के अनुसार, मवेशियों को दो कमरों में बिना पर्याप्त भोजन-पानी के तथा क्रूरतापूर्ण परिस्थितियों में रखा गया था. कार्रवाई के बाद मवेशियों को दस्तूर नगर स्थित गौशाला में देखभाल के लिए भेज दिया गया.
जानकारी के मुताबिक 10 अक्टूबर को खोलापुरी गेट पुलिस थाने के अधिकारी और कर्मचारी अपने थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा गश्त पर निकले थे. इसी दौरान एक गोपनीय मुखबिर से सूचना मिली कि मिर्जा पार्क स्थित एक घर में मवेशियों को अवैध रूप से रखा गया है. सूचना के आधार पर पुलिस ने महानगरपालिका के संबंधित अधिकारियों और पशु कल्याण से जुड़े अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की. इस दौरान घर के दो कमरों में 14 छोटे-बड़े मवेशी रखे हुए पाए गए. पुलिस के अनुसार, मवेशियों को उचित भोजन और पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था तथा उनके साथ क्रूरतापूर्ण व्यवहार किया जा रहा था. पुलिस ने पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(ई) और 11(1)(एच) के तहत मामला दर्ज किया है.. जब्त किए गए मवेशियों को मनपा आयुक्त एवं पशुपालन अधिकारी डॉ. निलेश सोलंके की अभिरक्षा में सौंपते हुए दस्तूर नगर स्थित गौशाला में रखने की व्यवस्था की गई. इस मामले में पुलिस ने सागर नगर निवासी शेख सुफियान शेख नदीम (23) के खिलाफ मामला दर्ज किया है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे तथा सहायक पुलिस आयुक्त संजय खताले के मार्गदर्शन में खोलापुरी गेट की थानेदार सीमा दातालकर, पुलिस उपनिरीक्षक गजानन लोकड़े, सागर कीटे, उपनिरीक्षक रमेश निंबोरकर, हेड कांस्टेबल रवींद्र भटकर तथा जवान रूपेश काले, रणजीत नाकट और अमोल नकाशे के दल ने की.

Back to top button