शहर में पहली बार सजेगा रासलीला गरबा महोत्सव
ऐश्वर्या जाधव और गौतमी पाटील रहेंंगी खास आकर्षण

* रूद्रावतार प्रतिष्ठान की अनूठी पहल
अमरावती/दि.12-नवरात्रि के उत्साह और पारंपारिक गरबा संस्कृति को बढावा देने के उदेश्य से शहर में पहली बार रासलीला गरबा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है. रूद्रावतार प्रतिष्ठान की ओर से आयोजित इस महोत्सव में शहर के गरबा प्रेमियों को संगीत, नृत्य और पारंपारिक वेशभुषा के साथ उत्सव का आनंद लेने का अवसर मिलेगा. आयोजन का विशेष आकर्षण प्रसिध्द कलाकार ऐश्वर्या जाधव और गौतमी पाटील की उपस्थिति होगी. रासलीला गरबा महोत्सव का उद्घाटन रविवार 11 अक्तूबर को गाडगेनगर स्थित गाडगेबाबा समाधि के सामने वाले प्रांगण में किया गया. पहले ही वर्ष इस आयोजन की भव्य स्वरूप देने के लिए प्रतिष्ठान की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही है. आयोजकों को उम्मीद है कि इस महोत्सव में बडी संख्या में युवक-युवतियां और गरबा प्रेमी शामिल होंगे.
* 16 अक्तूबर को ऐश्वर्या, 17 को गौतमी की उपस्थिति
महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में प्रसिध्द कलाकार ऐश्वर्या जाधव और गौतमी पाटील शामिल है. आयोजकों के अनुसार ,16 अक्तूबर को ऐश्वर्या जाधव तथा 17 अक्तूबर को गौतमी पाटील की विशेष उपस्थिति रहेगी. दोनों कलाकारों के आगमन से महोत्सव का उत्साह और बढने की उम्मीद है.
* हर दिन नई थीम, प्रतिभागियों को मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार
महोत्सव में पारंपारिक गरबा संस्कृति और आधुनिक उत्सव का संगम देखने को मिला. आयोजकों की ओर से प्रतिदिन नई पारंपारिक गरबा थीम प्रस्तुत करने की योजना बनाई गई है. पारंपारिक वेशभुषा, रंगों के आकर्षक संयोजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागियों को अलग-अलग अनुभव मिलेंगे. इसके साथ ही गरबा खेलने वाले युवक-युवतियों के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे जाएंगे, ताकि उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहन और मंच मिल सके.
* गरबा प्रेमियों से शामिल होने का आवाहन
रूद्रावतार प्रतिष्ठान ने अमरावती शहर और आसपास के क्षेत्रों के गरबा प्रेमियों से रासलीला गरबा महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है. आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन का उदेश्य नवरात्रि की सांस्कृतिक परंपरा का संरक्षण करना, पारंपारिक गरबा को प्रोत्साहन देना और युवक-युवतियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है.





