दुर्गादेवी के दर्शन की धक्का-मुक्की में पानी की टंकी में गिरा युवक

यवतमाल के दर्डानगर में हादसा, अग्निशमन दल ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाला

यवतमाल /दि.12- शहर के दर्डानगर परिसर में गतरोज दुर्गादेवी की स्थापना समारोह के दौरान एक हादसा हो गया. देवी की स्थापना देखने के लिए महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण की पानी की टंकी पर चढ़े लोगों के बीच हुई धक्का-मुक्की में एक युवक सीधे टंकी में जा गिरा. घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
जानकारी के मुताबिक, दर्डानगर के शिवराय दुर्गोत्सव में दुर्गादेवी की स्थापना का समारोह देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक जुटे थे. देवी के दर्शन के लिए कुछ लोग महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण की पानी की टंकी पर चढ़ गए. इसी दौरान भीड़ में धक्का-मुक्की होने से एक युवक टंकी में गिर गया. घटना की जानकारी मिलते ही यवतमाल नगर परिषद का अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और बचाव अभियान शुरू किया. अग्निशमन कर्मियों की तत्परता से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. समय रहते चलाए गए बचाव अभियान से एक बड़ा हादसा टल गया.

Back to top button