नाणार की खाड़ी में डूबे चार भाई-बहन, तीन की मौत

राजापुर ./दि.12- रत्नागिरी जिले के राजापुर तालुका स्थित नाणार के इंगलवाडी क्षेत्र में खाड़ी में शिंपले (सीप) निकालने गए बच्चों के साथ दर्दनाक हादसा हुआ. रविवार को खाड़ी के गहरे पानी में डूबने से एक ही परिवार के चार भाई-बहनों की जान संकट में पड़ गई. इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है. इस हादसे में मोहम्मद जुनेद भाटकर (6 वर्ष), जुहेरिया जुनेद भाटकर (9 वर्ष), बुशिरा जुनेद भाटकर (11 वर्ष) और माहिरा जुनेद भाटकर (15 वर्ष) खाड़ी के गहरे पानी में डूब गए.
पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण पांच बच्चे खाड़ी के गहरे पानी में डूबने लगे. इनमें से एक बच्ची को बचाने में सफलता मिली, जबकि मोहम्मद, जुहेरिया और बुशिरा के शव पानी से बाहर निकाल लिए गए हैं. 15 वर्षीय माहिरा की तलाश जारी है. एक ही परिवार पर आए इस संकट से नाणार सहित राजापुर तालुका में मातम पसरा हुआ है.
मिली जानकारी के अनुसार, नाणार के इंगलवाडी क्षेत्र में रहने वाले जुनेद भाटकर की पत्नी हिना भाटकर अपने बच्चों के साथ दोपहर करीब 3:30 बजे खाड़ी में मुळे और शिंपले निकालने गई थीं. जब माता-पिता खाड़ी में इन्हें निकाल रहे थे, तब बच्चे पानी के पास मौजूद थे. इसी दौरान शाम करीब 4:30 बजे खाड़ी में मौजूद गहरे गड्ढे का अंदाजा नहीं लगने से पांचों बच्चे एक के बाद एक पानी में डूबने लगे.

Back to top button