नागपुर के रॉयल मेंशन होटल पर पुलिस का छापा

देह व्यापार कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश

* आरोपी महिला गिरफ्तार, मध्य प्रदेश की युवतियों को सुरक्षित बचाया
नागपुर/दि.12 – नागपुर से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है. शहर के एक होटल में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है. हुडकेश्वर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रॉयल मेंशन होटल पर छापा मारकर पुलिस ने मध्य प्रदेश की युवतियों को सुरक्षित बचाया है. इस मामले में होटल की मालकिन समीना वसीम खान को गिरफ्तार किया गया है.
शहर के व्यस्त इलाके में हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच कर रही है. साथ ही, इस सेक्स रैकेट के पीछे किसी बड़े गिरोह या अन्य प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता है या नहीं, इस दिशा में भी जांच की जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मध्य प्रदेश के ग्रामीण इलाकों की युवतियों को कम समय में ज्यादा पैसे कमाने का लालच देकर उनसे देह व्यापार कराया जा रहा है. जांच में यह भी सामने आया कि इन युवतियों को शहर के अलग-अलग होटलों में ग्राहकों के पास भेजा जाता था. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने रॉयल मेंशन होटल पर छापा मारकर कार्रवाई की. पुलिस के सामाजिक सुरक्षा विभाग ने आरोपी महिला के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. इस घटना से नागपुर शहर में खलबली मच गई है.

Back to top button