यवतमाल जिला बैंक चुनाव में महायुति बहुमत की ओर

7 सीटों पर विजय, आरक्षित सीटों की काउंटिंग जारी

* कौस्तुभ शिर्के, प्रवीण देशमुख, अमन गावंडे, प्रवीण कोकाटे, नितीन भुतडा, सुशील राठोड और स्नेहल भाकरे जीते
यवतमाल/दि.12 – सहकारिता क्षेत्र का ध्यान आकर्षित करने वाले यवतमाल जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के चुनाव की मतगणना जारी है. महायुति बहुमत की दिशा में आगे बढ़ रही है. दोपहर तक घोषित तहसील गुट के परिणामों में महायुति ने 13 में से 7 सीटों पर जीत दर्ज की है. वहीं, महाविकास आघाड़ी को 5 सीटें मिली हैं, जबकि एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की है. उमरखेड तहसील गुट में दो उम्मीदवारों को समान मत मिलने के कारण इस सीट का फैसला पर्ची निकालकर किया जाएगा. तहसील गुट में महायुति की दो सीटें पहले ही निर्विरोध हो चुकी हैं. फिलहाल जिला गुट की 4 और आरक्षित गुट की 5 सीटों के लिए मतगणना जारी है.
* महायुति के विजयी उम्मीदवार
तहसील गुट में महायुति की ओर से कौस्तुभ शिर्के (यवतमाल), प्रवीण देशमुख (कलंब), अमन गावंडे (बाभुलगांव), प्रवीण कोकाटे (रालेगांव), नितीन भुतडा (महागांव), सुशील राठोड (दारव्हा) और स्नेहल भाकरे (नेर) ने जीत दर्ज की. इसी गुट में महायुति के संजय देशमुख (देशमुख) और विजय जाधव (पुसद) पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं.
* जिला और आरक्षित गुट की मतगणना शुरू
इस चुनाव को लेकर पिछले एक महीने से राजनीतिक सरगर्मियां तेज थीं. रविवार, 11 अक्टूबर को तहसील गुट की 14, जिला गुट की 4 और आरक्षित गुट की 5, इस तरह कुल 23 सीटों के लिए मतदान हुआ. सोमवार, 12 अक्टूबर को सुबह 9 बजे यवतमाल के आर्णी रोड स्थित समर्थ प्राइड में मतगणना शुरू हुई. दोपहर तक तहसील गुट के सभी परिणाम घोषित कर दिए गए. इसके बाद जिला और आरक्षित गुट की सीटों की मतगणना शुरू हुई.
* महाविकास आघाड़ी को पांच सीटें
महाविकास आघाड़ी की ओर से तहसील गुट में किरण देरकर (मारेगांव), जितेंद्रसिंह कोंघारेकर (पांढरकवड़ा), डॉ. अरविंद भुरे (घाटंजी), राजू येल्टिवार (झरी-जामणी) और तृप्ति पाटील (आर्णी) ने जीत हासिल की. वहीं, वणी तहसील गुट से निर्दलीय उम्मीदवार सुनील कातकडे विजयी हुए हैं.
* उमरखेड की सीट का फैसला पर्ची से
उमरखेड तहसील गुट में कुल 52 मतों में से महायुति के प्रकाश देवसरकर और महाविकास आघाड़ी के राम देवसरकर को 25-25 मत मिले. चुनाव से पीछे हट चुके अंकुश देवसरकर को एक मत मिला, जबकि एक मत अवैध घोषित किया गया. दोनों उम्मीदवारों को समान मत मिलने के कारण अब इस सीट पर विजेता का फैसला ईश्वरचिट्ठी यानी पर्ची निकालकर किया जाएगा.

Back to top button