शिक्षक विधायक चुनेंगे 35,810 मतदाता

अमरावती विभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता संख्या घोषित

81 मतदान केंद्रों पर 23 अक्टूबर को होगा मतदान
अमरावती/दि.13 – अमरावती विभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित मतदाताओं के आंकड़े सोमवार 12 अक्टूबर को घोषित कर दिए गए. मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं विभागीय आयुक्त नयना गुंडे ने मतदाताओं की संख्या की घोषणा की. इसके अनुसार, इस निर्वाचन क्षेत्र में कुल 35,810 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर शिक्षक विधायक का चुनाव करेंगे. मतदान के लिए विभाग के पांच जिलों में कुल 81 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं.
घोषित आंकड़ों के मुतरबिक अमरावती जिले में सर्वाधिक 10,097 मतदाता पंजीकृत हैं. इसके बाद बुलढाणा जिले में 9,124, यवतमाल में 6,932, अकोला में 5,942 और वाशिम जिले में 3,715 मतदाता हैं.

* जिलानिहाय   मतदान केंद्र            मतदाता
– अमरावती:    25 मतदान केंद्र,        10,097 मतदाता
– अकोला:      13 मतदान केंद्र,           5,942 मतदाता
– बुलढाणा:     18 मतदान केंद्र,           9,124 मतदाता
– वाशिम:         7 मतदान केंद्र,            3,715 मतदाता
– यवतमाल:    18 मतदान केंद्र,            6,932 मतदाता
– कुल:           81 मतदान केंद्र           35,810 मतदाता.

* मतदाता सूची घोषित होने से उम्मीदवारों को राहत
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए मतदान 23 अक्टूबर को होने वाला है. पिछले कुछ दिनों से उम्मीदवार मतदाता सूची जारी होने का इंतजार कर रहे थे. सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण उम्मीदवारों में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी. सोमवार को मतदाताओं की संख्या घोषित होने के बाद उम्मीदवारों को राहत मिली है. निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, मतदाता सूची के सत्यापन और डेटा एंट्री की प्रक्रिया में समय लगने के कारण सूची की घोषणा में देरी हुई. अब मतदाताओं की संख्या स्पष्ट होने से चुनावी तैयारियों को गति मिलने की उम्मीद है.

Back to top button