कपिल वस्तु नगर में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला
15 दिन पुराने विवाद में युवक के गले पर किया वार

* गंभीर हालत में इर्विन अस्पताल में भर्ती, आरोपी गिरफ्तार
अमरावती /दि.13- शहर के गाडगे नगर पुलिस थाना क्षेत्र के कपिल वस्तु नगर में सोमवार 12 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है. इस हमले में कपिल वस्तु नगर निवासी शेखर दिलीप सावले (27) गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात के बाद आरोपी अक्षय सरदार मौके से फरार हो गया. पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की.
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात करीब 11 बजे कपिल वस्तु नगर परिसर में आरोपी अक्षय सरदार ने शेखर सावले पर चाकू से हमला कर दिया. इस दौरान आरोपी ने शेखर के गले पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. बताया जाता है कि शेखर सावले और आरोपी अक्षय सरदार के बीच करीब 15 दिन पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी पुराने विवाद की रंजिश के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया. हमले के बाद शेखर सावले खून से लथपथ हालत में घायल हो गया. परिसर में मौजूद कुछ युवकों ने उसे तत्काल उपचार के लिए इर्विन अस्पताल पहुंचाया. उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू किया.
* आरोपी चंद घंटे में दबोचा
घटना की जानकारी मिलते ही गाडगे नगर पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने घायल युवक का बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है. वारदात के बाद से आरोपी अक्षय सरदार फरार हो गया था, लेकिन गाडगे नगर और क्राइम ब्रांच का दल उसकी सरगर्मी से तलाश में जुट गया था. कुछ ही घंटे में क्राइम ब्रांच के दल ने उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी अक्षय धनराज सरदार (29) के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरु की गई है.





