किसानों को राहत के नाम पर 5 हजार रुपये की भीख दे रही सरकार
40 दिनों में 36 किसानों की आत्महत्या पर बिफरी पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर

* बढ़ते कृषि संकट को लेकर सरकार पर साधा निशाना, नीतियों पर लगाए सवालिया निशान
अमरावती /दि.16- अमरावती जिले में किसानों की बढ़ती आत्महत्याओं को लेकर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि जिले में महज 40 दिनों के भीतर 36 किसानों ने आत्महत्या कर ली. यह आंकड़ा बेहद गंभीर है और राज्य में किसानों की बदहाल स्थिति को उजागर करता है.
पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर ने किसानों को दी जा रही आर्थिक सहायता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि संकट से जूझ रहे किसानों को राहत देने के बजाय सरकार उन्हें पांच हजार रुपये देकर उनके साथ भद्दा मजाक कर रही है. उन्होंने सहायता राशि को किसानों के लिए नाकाफी बताते हुए सरकार की नीति पर नाराजगी जताई.
कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर के मुताबिक, जिले में लगातार सामने आ रही किसान आत्महत्याओं ने कृषि संकट, फसल नुकसान, कर्ज और किसानों की आर्थिक स्थिति को लेकर चिंता बढ़ा दी है. ऐसे हालात में किसानों को तत्काल राहत देने के साथ ही उनकी समस्याओं के स्थायी समाधान की जरूरत है. उन्होंने सरकार की किसान नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों को सम्मानजनक आर्थिक सहायता और संकट से उबरने के लिए प्रभावी उपाय उपलब्ध कराए जाने चाहिए. किसानों की आत्महत्याओं का सिलसिला रोकने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने होंगे.





