वैश्विक शांति और सामाजिक सद्भाव के लिए हजारों कंठों से गूंजी सामूहिक प्रार्थना

खोडके दम्पति समेत सांसद वानखडे महापौर तेजवानी रहे उपस्थित

* राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज की ग्राम जयंती पर युगप्रभात फाउंडेशन का आयोजन
अमरावती/दि.2– विश्व में जारी युद्धों की छाया, बढ़ते वैश्विक तनाव और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने की चुनौतियों के बीच अमरावती शहर में शनिवार को एक प्रेरणादायी और सकारात्मक आयोजन देखने को मिला. राष्ट्र संत तुकडोजी महाराज की ग्रामजयंती के उपलक्ष्य में आयोजित सामूहिक प्रार्थना समारोह में हजारों नागरिकों ने एक साथ विश्वशांति और मानव कल्याण के लिए प्रार्थना की.
युगप्रभात फाउंडेशन तथा सामूहिक प्रार्थना आयोजन समिति के संयुक्त तत्वावधान में पंचवटी चौक स्थित डॉ. पंजाबराव देशमुख पुतले के पास के परिसर में यह भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया. शाम 6.30 बजे आयोजित समारोह में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए. राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज के मानवता, भाईचारे और विश्वबंधुत्व के विचारों से प्रेरित इस आयोजन का उद्देश्य समाज में एकता, धार्मिक सद्भाव और वैश्विक शांति का संदेश प्रसारित करना था. वर्तमान अस्थिर वैश्विक परिस्थितियों तथा सामाजिक विभाजन की चुनौतियों के बीच मानवीय मूल्यों को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर वक्ताओं ने जोर दिया.
कार्यक्रम में जनार्दन बोथे, हरिभाउ विरुलकर, सांसद बलवंत वानखडे, विधायक सुलभा खोडके, संजय खोडके, राजेश वानखडे, महापौर श्रीचंद तेजवानी, मनपा के पक्ष नेता चेतन गावंडे सहित विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे. प्रार्थना के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर और एक ताल में विश्वशांति, भाईचारे और सामाजिक समरसता के लिए प्रार्थना की. शांत वातावरण में हजारों लोगों द्वारा की गई सामूहिक साधना से पूरे परिसर में आध्यात्मिक और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ. पंचवटी चौक स्थित स्मारक परिसर जयघोष और प्रार्थना से भक्तिमय वातावरण में परिवर्तित हो गया. उपस्थित नागरिकों ने भारत सहित पूरी दुनिया में शांति, सद्भाव और मानवीय मूल्यों के संरक्षण की कामना व्यक्त की. इस कार्यक्रम की सफलता के लिए युगप्रभात फाउंडेशन और आयोजन समिति के कार्यकर्ताओं ने विशेष परिश्रम किए. आयोजन को नागरिकों का व्यापक समर्थन और उत्साहपूर्ण सहभागिता प्राप्त हुई.

Back to top button