तेरहवीं के खाने के बाद 21 लोगों की तबीयत बिगड़ी
फूड पॉइजनिंग की आशंका

तिवसा /दि.2- जिले के तिवसा तहसील अंतर्गत सतरगांव में तेरहवीं कार्यक्रम के दौरान परोसे गए भोजन के बाद 21 लोगों के बीमार पड़ने का मामला सामने आया है. प्रभावित लोगों को उल्टी, मितली, पेट दर्द और कमजोरी की शिकायत होने पर तत्काल उपचार के लिए तिवसा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों के अनुसार सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है और कोई भी गंभीर खतरे में नहीं है.
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 29 मई को सातरगांव में धनोरकर परिवार की तेरहवीं के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था. कार्यक्रम में गांव के नागरिकों, रिश्तेदारों और बाहर से आए मेहमानों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया था. इस अवसर पर सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई थी. कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद देर रात भोजन करने वाले कुछ लोगों को अचानक पेट दर्द, मितली और उल्टी की शिकायत शुरू हो गई. रात बढ़ने के साथ प्रभावित लोगों की संख्या बढ़ती गई, जिससे परिजनों और गांव में चिंता का माहौल बन गया. शनिवार सुबह धनोरकर परिवार के सदस्यों सहित कुल 21 लोगों को उपचार के लिए तिवसा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया.
सूचना मिलते ही चिकित्सा टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया. कुछ मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि अन्य का अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी में इलाज जारी है. फूड पॉइजनिंग का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार अत्यधिक गर्मी के कारण भोजन खराब हो जाने या बासी खाद्य पदार्थों के सेवन से यह घटना हुई हो सकती है. कुछ लोगों ने पेयजल की गुणवत्ता पर भी संदेह व्यक्त किया है. स्वास्थ्य विभाग भोजन और पानी के नमूनों की जांच कर रहा है.
उपजिला अस्पताल तिवसा के चिकित्सक डॉ. अक्षय ठाकरे ने बताया कि सतरगांव के 18 से 21 लोगों को पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया था. सभी मरीजों की स्थिति स्थिर है और लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है. प्रारंभिक जांच में खराब या बासी भोजन के कारण फूड पॉइजनिंग की संभावना सामने आई है. घटना के बाद सातरगांव क्षेत्र में कुछ समय के लिए चिंता का माहौल रहा, लेकिन सभी मरीजों के खतरे से बाहर होने की जानकारी मिलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है. स्वास्थ्य विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहा है.





