कुएं में कूदकर प्रेमी युगल ने जान देने की कोशिश

युवक की मौत; युवती बची

अकोला /दि.28- जिले के कुरुम गांव के पारधीवाड़ा क्षेत्र में गुरुवार को एक प्रेमी युगल द्वारा कुएं में कूदकर जान देने का प्रयास करने की घटना सामने आई. ग्रामीणों की तत्परता से युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि पानी में डूबने से युवक शरद चव्हाण की मौत हो गई. घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव और अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही.
पुलिस के अनुसार, कुरुम निवासी शरद चव्हाण का गांव की ही एक युवती से प्रेम संबंध था. गुरुवार को दोनों ने गांव के पास स्थित एक कुएं में छलांग लगा दी. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया. ग्रामीणों ने युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन शरद चव्हाण को बचाया नहीं जा सका.
घटना की सूचना मिलने पर माना पुलिस थाने के प्रभारी गणेश नावकार पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे. स्थिति को देखते हुए उपविभागीय पुलिस अधिकारी वैशाली मुले, ग्रामीण थाना प्रभारी महाडिक, शहर थाना प्रभारी धर्मेंद्र जोशी तथा बोरगांव मंजू थाना प्रभारी वानखड़े सहित अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. ईद के मद्देनजर बंदोबस्त में तैनात होमगार्ड जवानों ने भीड़ को नियंत्रित किया. एहतियात के तौर पर अकोला से एसआरपीएफ की टुकड़ी भी बुलाई गई. मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए मूर्तिजापुर स्थित श्रीमती लक्ष्मीबाई देशमुख उपजिला अस्पताल भेजा गया है. माना पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Back to top button