यवतमाल में प्रतिबंधित बीटी बीज की बिक्री पर कार्रवाई
दो आरोपी गिरफ्तार, 20 लाख से अधिक का माल जब्त

यवतमाल/दि.13 – यवतमाल शहर पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित बीटी बीज की अवैध बिक्री करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 20 लाख रुपए से अधिक का माल जब्त किया है. पुलिस के अनुसार, दिनांक 12 अप्रैल 2026 को शहर क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति भारत सरकार द्वारा प्रतिबंधित ‘प्लैटिनम हाइब्रिड 5-जी बीटी बीज’ बिक्री के लिए परिवहन कर रहे हैं. सूचना के आधार पर धामणगांव रोड पर जाल बिछाकर आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा गया.
गिरफ्तार आरोपियों के नाम संतोष मनोहर ठाकरे (36 वर्ष, निवासी अमरावती) और निखिल रमेश लंगड़े (27 वर्ष, निवासी आर्वी, जिला वर्धा) बताए गए हैं. इनके पास से 400 पैकेट बीटी बीज और दो चारपहिया वाहन सहित कुल 20 लाख 400 रुपए का मुद्देमाल जब्त किया गया. इस मामले में पुलिस स्टेशन यवतमाल शहर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3/5 तथा बीज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है.
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक थोरात तथा पुलिस निरीक्षक सतीश चौरे के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा की टीम द्वारा की गई. कार्रवाई में सहायक पुलिस निरीक्षक पवन राठोड़ सहित पुलिस कर्मी बबलू चव्हाण, मिथुन जाधव, सोहेल मिर्झा, किशोर झेंडेकर, अमित झेंडेकर, पवन ढवले और अमित कुमरे शामिल रहे.





