दर्यापुर तहसील कार्यालय में आत्मदाह का प्रयास
येवदा पुलिस की कार्रवाई

दर्यापुर/दि.29– दर्यापुर तहसील कार्यालय परिसर में सोमवार को एक व्यक्ति द्वारा आत्मदाह का प्रयास किए जाने से हड़कंप मच गया. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी अनहोनी टल गई.
जानकारी के अनुसार, करतखेड निवासी नागेश वावरे का ट्रैक्टर 3 अप्रैल को राजस्व अधिकारियों द्वारा जब्त कर लिया गया था. आरोप था कि ट्रैक्टर चालक के पास गौण खनिज परिवहन का वैध लाइसेंस नहीं था. इसके बाद ट्रैक्टर को दर्यापुर तहसील कार्यालय में जमा कराया गया. इस मामले में पहले 35,265 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि बाद में उपविभागीय अधिकारी द्वारा 1 लाख रुपये का अतिरिक्त जुर्माना निर्धारित किया गया. इस कार्रवाई से नाराज होकर नागेश वावरे ने सोमवार को तहसील कार्यालय परिसर में खुद पर डीजल डालकर आग लगाने की कोशिश की. उसने आरोप लगाया कि अधिकारियों द्वारा उससे पैसे की मांग की गई थी और उसके साथ अन्याय किया गया.
तहसीलदार की सूचना पर पहले से ही येवदा और दर्यापुर पुलिस मौके पर तैनात थी. जैसे ही नागेश वावरे ने आत्मदाह का प्रयास किया, पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर उसे रोक लिया. इस दौरान कुछ समय के लिए परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही. येवदा पुलिस थाने के प्रभारी प्रफुल्ल गाडेकर ने बताया कि समय रहते निवारक कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रण में लिया गया. संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.





