रापनि बसों में भीडभाड का फायदा उठा रहे जेबकतरे
भीड का फायदा उठाकर गहने व पर्स चुरानेवाली टोलियां सक्रिय

* चोरों की टोली में कुछ महिलाओं का भी समावेश
अमरावती/दि.29- इस समय गर्मियों क छुट्टियों तथा वैवाहिक आयोजनों के चलते लोगों का बडे पैमाने पर एक शहर से दूसरे शहर में आना-जाना चल रहा है. जिसकी वजह से रापनि के बसस्थानकों सहित एसटी बसों में यात्रियों की जबरदस्त भीडभाड उमड रही है. इसी बात का फायदा उठाने हेतु चोरों व उठाईगिरों की टोलियां अब सक्रिय हो गई है. जिनमें कई महिला चोरणियों का भी समावेश है. जो भीडभाड का फायदा उठाते हुए यात्रियों, विशेषकर महिला यात्रियों के पर्स एवं आभूषणों पर हाथ साफ कर देती है. गर्मी की छुट्टियों एवं वैवाहिक सीजन के चलते रापनि बसस्थानकों एवं एसटी बसों में भीडभाड बढते ही यात्रियों के साथ होनेवाली लूटपाट की खबरों में भी धीरे-धीरे इजाफा होने लगा है. विगत 48 घंटों के दौरान जिले के दर्यापुर, चांदुर बाजार एवं वरुड बसस्थानकों से एसटी बसों में चढते या उतरते समय यात्रियों के कीमती सामान पर हाथ साफ कर देने की घटनाएं सामने आई है.
इस संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक विगत 24 अप्रैल की दोपहर कलमगव्हाण गांव निवासी 56 वर्षीय महिला दर्यापुर बस स्टैंड पर गांव जाने हेतु भातकुली की बस में चढ रही थी, तभी उसकी पर्स से किसी अज्ञात ने 42 हजार रुपए मूल्य वालेे सोने के आभूषण चुरा लिए. जिसकी जानकारी समझ में आते ही उक्त महिला ने दर्यापुर पुलिस थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई. इसी तरह चांदुर बाजार तहसील अंतर्गत कुर्हा देशमुख गांव में रहनेवाली 57 वर्षीय महिला के गले से 90 हजार रुपए मूल्य वाली सोने की पोत को किसी अज्ञात ने बस में चढते समय तोडकर चुरा लिया. यह घटना 23 अप्रैल की शाम घटित हुई. उक्त महिला चांदुर रेलवे बस डिपो से अमरावती की ओर जा रही थी. इस मामले में 25 अप्रैल को पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरु की है. इसके अलावा वरुड में ऑटो में सवार 38 वर्षीय महिला के साथ बैठी 4 सहयात्री महिलाओं ने ही हाथ की सफाई दिखा दी. जिन्होंने उक्त महिला के गले से 10 ग्राम सोने की पोत चुरा ली. यह घटना 25 अप्रैल की शाम घटित हुई.
* यात्रियों का सतर्क रहना जरुरी
– बस में चढते समय जल्दबाजी करना टाले और बस के आने के बाद कतार में खडे रहकर ही बस में चढे. एक-दूसरे को धक्का देते हुए अथवा भीडभाड करते हुए बस में चढते समय चोरों को हाथसफाई करने का मौका मिलता है.
– यात्रा करते समय जहां तक संभव है सोने के आभूषणों को पहनना और उनका प्रदर्शन करना टाले. साथ ही गहने पहनना जरुरी रहने पर उन्हें ओढनी अथवा स्कार्फ से ढांके, ताकि वे सहज तरीके से किसी की नजर में न आए.
– बस में चढते या उतरते समय अथवा भीड में से होकर गुजरते समय अपनी हैंडबैग या पर्स को पीठ पीछे रखने की बजाए अपने सामने पेट या छाती के पास मजबूती के साथ पकडकर रखे.
– अंजान सहयात्रियों से भी सावधान रहे. ऑटो अथवा बस में साथ यात्रा करनेवाले यात्रियों की गतिविधियों पर ध्यान दे और यदि कोई बिना वजह शरीर से शरीर सटाकर बैठ रहा है, तो उससे तुरंत सावधान हो जाए.
* बसस्थानक परिसर में कोई भी व्यक्ति अथवा उसकी गतिविधि संदेहास्पद दिखाई देते ही तुरंत पुलिस चौकी अथवा बस वाहक या चालक को सूचित करे. क्योंकि सतर्कता ही सबसे बडा उपाय है.
– किरण वानखडे
पीआई, स्थानीय अपराध शाखा.





