सूखे में फसल बचाने घड़ा सांगवा बांध का पानी देने की मांग
युवा स्वाभिमान पार्टी का जलसंपदा विभाग को ज्ञापन

खारपान पट्टे के किसानों को संरक्षित सिंचाई उपलब्ध कराने की अपील
अमरावती/दि.6 – दर्यापुर तहसील इन दिनों सूखे की मार झेल रहा है. ऐसे में फसलों को बचाने के लिए चंद्रभागा नदी पर स्थित घड़ा सांगवा बांध का पानी आसपास के गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए उपलब्ध कराने की मांग युवा स्वाभिमान पार्टी ने जलसंपदा विभाग से की है. इस संबंध में पार्टी की ओर से 5 अक्टूबर को जलसंपदा विभाग के कार्यकारी अभियंता को ज्ञापन सौंपा गया.
ज्ञापन में कहा गया है कि चंद्रभागा नदी पर बने घड़ा सांगवा बांध में वर्तमान में पर्याप्त मात्रा में पानी जमा है. दूसरी ओर बांध के आसपास के खारपान पट्टे के गांवों में सूखे की स्थिति के कारण किसानों की फसलें संकट में हैं. बारिश की कमी के चलते खेतों में फसलों को बचाने के लिए संरक्षित सिंचाई की आवश्यकता है. इसलिए बांध में उपलब्ध पानी का उपयोग आसपास के किसानों को सिंचाई के लिए उपलब्ध कराया जाए. युवा स्वाभिमान पार्टी ने बताया कि बेंबला, खल्लार, लांडी, मलकापुर, मोचर्डा, चिपर्डा, नरदोडा, चांदई, घड़ा, रामगांव, कोलंबी, माहुली और नालवाड़ा सहित खारपान पट्टे के गांवों के किसानों की यही प्रमुख मांग है. किसानों का कहना है कि मौजूदा सूखे की स्थिति में यदि समय रहते सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध नहीं कराया गया, तो खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान हो सकता है. ज्ञापन में जलसंपदा विभाग से घड़ा सांगवा बांध के पानी की उपलब्धता को देखते हुए किसानों के लिए संरक्षित सिंचाई की व्यवस्था करने तथा इस संबंध में तत्काल निर्णय लेने की मांग की गई है. ज्ञापन सौंपनेवालो में युवा स्वाभिमान पार्टी के मार्गदर्शक सुनील राणा, जिलाध्यक्ष प्रकाश साबले, गोपाल वसु, अनिल नांदणे, प्रशांत धापट और राहुल तायडे समेत अन्यो का समावेश था. पार्टी ने प्रशासन से किसानों के हित में इस मांग पर तत्काल सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की है.





