गणेशोत्सव से मार्केट में हलचल, व्यापार को लगे पंख
35 प्रतिशत व्यापार बढने का अंदाज

* घर की साजसज्जा से लेकर वाहनों और उपकरणों की विक्री का उत्साह
अमरावती/दि.9 – गणेशोत्सव के अवसर पर संपूर्ण विदर्भ के मार्केट में हलचल देखी जा रही है. पिछले दो वर्षों की तुलना में इस बार व्यापार में उत्साह नजर आ रहा है. करोडों का रिकॉर्ड व्यापार होने की संभावना स्थानीय व्यापारियों ने व्यक्त की है. ऑटो मोबाईल सेक्टर से लेकर उपकरणों के मार्केट में विक्री का उत्साह अधिक दिखाई पड रहा. दुपहिया और चार पहिया वाहनों की बुकिंग सतत बढ रही है. ऑफर्स भी दिए जा रहे हैं. जिससे लोगों का खरीददारी का उत्साह बढता प्रतित हो रहा है. व्यापारी संघों ने उम्मीद जताई कि, लगभग 35 प्रतिशत बिजनेस बढने के पूरे आसार है.
* मुख्य मार्केट में खरीददारी जमकर
बाप्पा के आगमन के लिए शहर के प्रमुख व्यापारी केंद्रों में बडी हलचल दिखाई पड रही है. जवाहर गेट हो या रवि नगर, मोची गली हो या राजापेठ सभी जगह गणेश मूर्तियों की विक्री हेतु बुकिंग हो रही है. साथ ही सजावट के वस्तुओं की भी खरीददारी लोग कर रहे हैं. मखर से लेकर नाना प्रकार की सामग्री खरीदी जा रही. इसके अलावा इतवारा मार्केट में पूजा सामग्री, सूखे मेवे, नारियल, मोदक की खरीददारी हो रही है.
* ऑफर्स की भरमार
फेस्टीवल डिस्काउंट, कैशबैक और एक्सचेंज ऑफर्स के कारण स्मार्ट टीवी, वॉशिंग मशीन, रेफ्रीजरेटर, स्मार्ट फोन की विक्री में जमकर बढोत्तरी हुई है. पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष 25 से 30 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है. स्थानीय व्यापारी भी इसी प्रकार का अंदाज व्यक्त कर रहे हैं. बाप्पा के स्वागत के लिए अंबानगरी के मार्केट सजे हैं.
* दुपहिया की बुकिंग बढी
त्यौहारों के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में ग्राहकों की खरीददारी और प्री बुकिंग बढ गई है. सोने-चांदी के रेट स्थिर होने के कारण त्यौहार और आगामी वैवाहिक सीजन के लिए गहनों की अग्रिम बुकिंग हो रही है. सराफा असो. के अध्यक्ष राजेंद्र भंसाली के अनुसार सिक्के और हलके वजन के आभूषणों की अच्छी डिमांड है. उधर ऑटो मोबाइल सेक्टर से भी आकर्षक छूट, आसान फाइनांस विकल्प एवं नए मॉडल्स के कारण दुपहिया और फोर विलर की बुकिंग बढ गई है. जेपीएस कीया के निदेशक पवन गट्टानी ने बताया कि, सभी प्रकार के मॉडल्स में रुझान नजर आ रहा है. इवी के लिए ग्राहकों को वेट करना पड रहा है.
* उपकरणों में भारी सेल
घरेलू उपकरणों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मार्केट में अच्छी सेल दिखाई पड रही है. फ्रीज, टीवी, वॉशिंग मशीन के साथ-साथ कीचन के नए उपकरणों की खूब सेल होने की जानकारी देते हुए स्थानीय वितरकों ने बताया कि, गणेशोत्सव में सेल बढने की ही पूरी उम्मीद है. पिछले साल से अधिक बिजनेस होगा, इसमें दो राय नहीं. ऑफर्स भी अच्छे दिए जा रहे है. उन्हें ग्राहकों का उम्दा रिस्पान्स मिल रहा है.





