80 किलो गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड ओडिशा से गिरफ्तार

अमरावती एएनटीएफ की कार्रवाई

* तकनीकी विश्लेषण के आधार पर दुर्गम जंगल क्षेत्र से पकड़ा
* 14 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत
अमरावती/दि.12 – अमरावती में 80 किलो 440 ग्राम गांजा जब्ती के मामले में अमली पदार्थ विरोधी टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी का नाम ओडिशा के मलकानगिरी निवासी जोसेफ कंदपाल (33) है. तकनीकी विश्लेषण के आधार पर एएनटीएफ की टीम दुर्गम और घने जंगल वाले क्षेत्र तक पहुंची तथा 9 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के बाद ओडिशा के मलकानगिरी न्यायालय से ट्रांजिट वारंट प्राप्त कर आरोपी को 11 अक्टूबर को अमरावती लाया गया. यहां अवकाशकालीन न्यायालय में पेश करने के बाद उसे 14 अक्टूबर तक तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.
* फरवरी में फ्रेजरपुरा क्षेत्र से जब्त हुआ था गांजा
इस मामले में एएनटीएफ ने 7 फरवरी 2026 को अमरावती के फ्रेजरपुरा पुलिस थाना क्षेत्र में छापा मारकर 80 किलो 440 ग्राम गांजा जब्त किया था. इस संबंध में फ्रेजरपुरा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था. मामले में कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. पुलिस ने निर्धारित समयसीमा के भीतर 1 अगस्त को आरोपपत्र भी दाखिल किया.
* गांजे की सप्लाई के स्रोत की जांच में सामने आया नाम
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने यह पता लगाने के लिए गहन पड़ताल की कि गांजा अमरावती जिले में कहां से लाया गया था. इसी जांच में ओडिशा के मलकानगिरी निवासी जोसेफ कंदपाल का नाम सामने आया. इसके बाद तकनीकी विश्लेषण के आधार पर एएनटीएफ की टीम ने उसकी तलाश शुरू की. दुर्गम और घने जंगल वाले इलाके में पहुंचकर टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया. अब पुलिस हिरासत के दौरान आरोपी से गांजे की आपूर्ति के स्रोत और इस तस्करी के मामले में उसकी कथित भूमिका को लेकर पूछताछ की जाएगी.

 

Back to top button