अनुभव और नई ऊर्जा के संगम से श्री समर्थ शिक्षण संस्था की नई कार्यकारिणी गठित
डॉ. वी. के. कोलवाडकर अध्यक्ष, डॉ. दे. श. बोधनकर को सचिव की जिम्मेदारी

अमरावती/दि.12 – अमरावती शहर की प्रतिष्ठित श्री समर्थ शिक्षण संस्था की कार्यकारिणी का पुनर्गठन कर नई कार्यकारिणी गठित की गई है. संस्था की 4 अक्टूबर को आयोजित आमसभा में 11 सदस्यों की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से चयन किया गया. नई कार्यकारिणी में वरिष्ठ पदाधिकारियों के लंबे अनुभव के साथ युवा पीढ़ी की ऊर्जा, आधुनिक सोच और नए दृष्टिकोण का समन्वय देखने को मिल रहा है.
नई कार्यकारिणी के अध्यक्ष पद पर डॉ. वी. के. कोलवाडकर, उपाध्यक्ष पद पर रमेशपंत डांगे तथा सचिव पद पर डॉ. डी. एस. बोधनकर का चयन किया गया है. वहीं, त्र्यंबक सु. राजदेरकर को सहसचिव और मुकुंद पांडे को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके अलावा प्रा. मोहन पुरोहित, संदीप गोडबोले, श्रीरंग फाटक, सचिन मुळे और मंजिरी पाठक को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में चुना गया है. संस्था के वरिष्ठ पदाधिकारियों के अनुभव, संस्था के प्रति उनकी निष्ठा और दूरदर्शी नेतृत्व से अब तक संस्था के विकास को गति मिलती रही है. उनके मार्गदर्शन में संस्था को नई दिशा और विकास के विभिन्न अवसर प्राप्त हुए हैं. अब नई कार्यकारिणी में युवा पीढ़ी का प्रतिनिधित्व बढ़ने से वरिष्ठों के अनुभव के साथ नई ऊर्जा का समावेश हुआ है. इसे संस्था की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
नई कार्यकारिणी ने बदलते समय के अनुरूप संस्था को आगे बढ़ाने तथा शिक्षा के क्षेत्र में प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया है. अनुभवी नेतृत्व और आधुनिक दृष्टिकोण के समन्वय से संस्था के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. नई कार्यकारिणी के गठन पर संस्था के पदाधिकारियों, शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों का अभिनंदन करते हुए उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं.





