शिंदी में जुए पर पथ्रोट पुलिस का छापा, 11 आरोपी गिरफ्तार
11.71 लाख का माल जब्त

अमरावती/दि.27– अमरावती ग्रामीण पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पथ्रोट पुलिस थाना क्षेत्र के शिंदी गांव में जुए के अड्डे पर छापेमारी कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने मौके से चार मोटरसाइकिल, एक चार पहिया वाहन, मोबाइल फोन, नकदी और ताश के पत्ते सहित कुल 11 लाख 71 हजार 350 का माल जब्त किया.
पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देशानुसार अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में 25 जुलाई को गुप्त सूचना मिली कि मोहम्मद साजिद शेख कलीम (33), निवासी वार्ड क्रमांक 3, इंदिरा नगर, शिंदी अपने घर में जुए का अड्डा संचालित कर रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में छापा मारकर 11 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगेहाथों पकड़ा. पुलिस ने आरोपियों से 4 मोटरसाइकिल, एक चारपहिया वाहन, 4 एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल, 25 हजार 800 नकद तथा 52 ताश के पत्ते जब्त किए. जब्त सामग्री की कुल कीमत 11 लाख 71 हजार 350 आंकी गई है. आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है.
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद साजिद शेख कलीम, सैयद इकबाल सैयद अनीस, शेख नाजिम शेख नजीर, प्रफुल वानखड़े, गणेश बारडे, प्रशांत रहाटे, सिद्धार्थ बारडे, अमर लिल्हारे, गणेश कुरवाले, ओमप्रकाश उइके तथा अंकुश रेपाडे शामिल हैं. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हों या सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ आपराधिक वीडियो साझा किए जा रहे हों, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, उपविभागीय पुलिस अधिकारी अभय चौथांकर एवं सुनील हुड के मार्गदर्शन में पथरोट पुलिस की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी.





