बडनेरा में घरफोड़ का पर्दाफाश, नाबालिग से 64 हजार का माल जब्त

अमरावती/दि.27– बडनेरा पुलिस ने पंचशील नगर में हुई घरफोड़ चोरी के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए कानून का उल्लंघन करने वाले एक बाल अपचारी को पकड़ लिया. पुलिस ने उसके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण सहित कुल 64 हजार रुपए का चोरी का माल बरामद किया है.
जानकारी के मुताबिक 22 जुलाई को पंचशील नगर निवासी शिकायतकर्ता मोहित राहुल गायकवाड़ (25) रोज की तरह सुबह घर से महाराष्ट्र एक्सप्रेस ट्रेन में खाद्य सामग्री बेचने के लिए निकले थे. रात करीब 10.30 बजे लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है. घर के अंदर रखी लोहे की अलमारी का लॉक भी टूटा मिला और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो चुके थे. शिकायत के आधार पर बडनेरा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और गोपनीय जानकारी के आधार पर कानून का उल्लंघन करने वाले एक बाल अपचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए तीन जोड़ी सोने की बालियां, सोने का पेंडेंट, दो सोने की नथ, सोने के मोतियों का हार, चांदी का कड़ा, चांदी की बालियां और चांदी की अंगूठी सहित कुल 64,000 मूल्य के आभूषण बरामद किए गए.
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, सहायक पुलिस आयुक्त नयन अलुरकर तथा बडनेरा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई. मामले का खुलासा बडनेरा पुलिस की डीबी टीम के सुधीर प्रांजले, निलेश गुल्हाने, रितेश चौहान, मोहम्मद समीर और विशाल पंडित ने किया.

Back to top button