धारणी में हत्या के आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
खेत में छिपे थे आरोपी, धारणी पुलिस की कार्रवाई

अमरावती/दि.10– धारणी थाना क्षेत्र के भूलोरी गांव में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अपराध दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को गांव के एक खेत से हिरासत में लिया गया. पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. आरोपियों के नाम सुरेश सुभाष मावस्कर (22), सुनील लालचंद मावस्कर, कुवरसिंह जिगर्या भिलावेकर और सुरेश काल्या धांडे है.
जानकारी के मुताबिक भूलोरी निवासी हीरालाल भैयालाल जावरकर (55) ने 10 सितंबर को धारणी थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में बताया गया कि उनका 27 वर्षीय बेटा मुकेश हीरालाल जावरकर 7 सितंबर की रात से 9 सितंबर की सुबह के बीच घर के बाहर था. इसी दौरान गांव में एक महिला से छेड़छाड़ को लेकर विवाद हुआ. आरोप है कि सुरेश मावस्कर, उसके रिश्तेदार सुरेश काल्या धांडे, कुवरसिंह भिलावेकर और सुनील मावस्कर ने आपसी मिलीभगत से मुकेश का गला घोंटकर हत्या कर दी. इस दौरान उसके सिर और दाहिने कंधे पर भी चोटें आईं. घटना के बाद धारणी पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1), 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने आरोपियों की तत्काल तलाश कर कार्रवाई के निर्देश दिए. इसके बाद पुलिस निरीक्षक अवतार सिंह चव्हाण ने जांच दल गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की. पुलिस टीम ने भूलोरी गांव में दबिश दी, लेकिन नामजद आरोपी सुरेश सुभाष मावस्कर (22), सुनील लालचंद मावस्कर, कुवरसिंह जिगर्या भिलावेकर और सुरेश काल्या धांडे मौके पर नहीं मिले.
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक आरोपी गांव के एक खेत में छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खेत में तलाशी अभियान चलाया और आरोपी को पकड़ लिया. उसे धारणी पुलिस थाने लाकर पूछताछ की गई. पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हत्या के मामले को सुलझाने का दावा किया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, एसडीपीओ ईशानी आनंद, धारणी उपविभागीय पुलिस अधिकारी माधवराव गरुड़ के मार्गदर्शन में थानेदार अवतार सिंह चव्हाण, सहायक निरीक्षक शिवचरण डोंगरे, संदीप पाटिल, पीएसआई विशाल राठोड के दल ने की.





