मकोका और एनडीपीएस मामले में चंद्रपुर से फरार आरोपी दबोचा
अमरावती क्राइम ब्रांच की कार्रवाई

अमरावती /दि.10- चंद्रपुर जिले के रामनगर पुलिस थाने में दर्ज मकोका और एनडीपीएस मामले में फरार चल रहे आरोपी को अमरावती शहर क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने कुछ ही घंटों में तलाश कर गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के बाद आरोपी को चंद्रपुर पुलिस की जांच टीम के हवाले कर दिया गया.
जानकारी के मुताबिक 9 सितंबर को रामनगर पुलिस थाना, जिला चंद्रपुर की एक टीम मकोका और एनडीपीएस मामले में फरार आरोपी की तलाश में अमरावती पहुंची थी. इस दौरान टीम की मुलाकात क्राइम ब्रांच यूनिट-1 के अधिकारियों से हुई. जांच टीम से मिली जानकारी के आधार पर पता चला कि एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8(सी), 20(बी)(आईआई)(बी), 29 के तहत दर्ज मामले का आरोपी नागपुरी गेट थाना क्षेत्र में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा है. विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने आरोपी के संभावित ठिकाने की जानकारी मिलने पर क्राइम ब्रांच के अधिकारियों और कर्मचारियों ने रामनगर पुलिस की जांच टीम के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आरोपी को तलाश लिया और उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी का नाम चंद्रपुर के बगडखिडकी परिसर निवासी जुबैर खान करीम खान (26) है. गिरफ्तारी के बाद उसे 9 सितंबर को रामनगर पुलिस को सौंप दिया गया. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, पुलिस उपायुक्त प्रांजलि सोनवणे तथा सहायक पुलिस आयुक्त निलेश ब्राह्मणे के मार्गदर्शन में की गई.





