पुलिस ने चंद घंटों में सुलझाई वर्कशॉप चोरी

शटर तोड़कर लोहे का सामान और लेथ मशीन के गियर उड़ाए थे

आरोपी गिरफ्तार, 36 हजार रुपये का माल बरामद
अमरावती /दि.5- राजापेठ थाना क्षेत्र के बेलपुरा परिसर में वर्कशॉप का शटर तोड़कर लोहे का सामान और लेथ मशीन के गियर चोरी करने के मामले का पुलिस ने कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया. राजापेठ पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया करीब 36 हजार रुपये कीमत का माल बरामद किया है.
जानकारी के मुताबिक असीर कालोनी निवासी शिकायतकर्ता फिरोज खान सईन खान (42) की बेलपुरा परिसर में ‘बेरार मैकेनिकल वर्कशॉप’ है. 2 अक्टूबर की शाम करीब 7.30 बजे वह वर्कशॉप बंद कर घर चले गए थे. अगले दिन 3 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे जब वे वर्कशॉप पहुंचे और शटर खोलने का प्रयास किया, तो शटर टूटा हुआ दिखाई दिया. अंदर जाकर जांच करने पर विभिन्न प्रकार का लोहे का सामान और लेथ मशीन के गियर गायब मिले. चोरी गए माल की कुल कीमत करीब 36 हजार रुपये बताई गई.
* तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
शिकायत मिलने के बाद राजापेठ पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण के नेतृत्व में डीबी पथक को जांच के लिए लगाया गया. डीबी पथक प्रमुख सहायक पुलिस निरीक्षक नितिन शिंदे और उनकी टीम ने तकनीकी जानकारी तथा पुलिस जांच के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू की. पुलिस टीम ने कुछ ही घंटों में संदिग्ध तक पहुंच बनाते हुए चोरी का मामला उजागर कर दिया. पुलिस ने इस मामले में वलगांव रोड निवासी इमरान बेग युनुस बेग (30) को गिरफ्तार किया. उसके कब्जे से वर्कशॉप से चोरी किया गया विभिन्न प्रकार का लोहे का सामान तथा लेथ मशीन के गियर बरामद किए गए. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण तथा डीबी दल ने की.

Back to top button