‘रोड सेफ्टी रथ’ से दुर्घटनामुक्त अमरावती की ओर पहल

आरटीओ ने शुरू की व्यापक जनजागरण मुहिम

अमरावती/दि.11- राज्य में बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे रोड सेफ्टी अभियान 2026 के तहत अमरावती क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय ने ‘रोड सेफ्टी रथ’ के माध्यम से जनजागरण अभियान शुरू किया है.
इस आधुनिक तकनीक से सुसज्जित रथ का शुभारंभ प्रादेशिक परिवहन अधिकारी उर्मिला पवार ने फीता काटकर किया और हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया. इस अवसर पर सहायक प्रादेशिक परिवहन अधिकारी दीपक मेहरकर, मोटर वाहन निरीक्षक संजय पेंढारकर, जनसंपर्क अधिकारी अनिल मानकर, सहायक मोटर वाहन निरीक्षक दीक्षा आढाव, अंकिता सराफ, श्रुतिका गोपीवार, अक्षय राठोड़, अभिजीत गावंडे, पराग जाधव सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे.
‘रोड सेफ्टी रथ’ के माध्यम से हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग का महत्व, यातायात नियमों का पालन, गति सीमा का ध्यान रखने तथा शराब पीकर वाहन न चलाने जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक किया जाएगा. यह रथ अमरावती शहर के साथ ही जिले के विभिन्न तहसीलों में घूमकर नागरिकों से सीधे संवाद करेगा. ऑडियो-विजुअल माध्यमों का उपयोग करते हुए दृश्य और ध्वनि के जरिए वाहन चालकों तथा पैदल चलने वालों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा.
* यातायात नियमों का पालन सभी की जिम्मेदारी
दृश्य, ध्वनि, आकर्षक चित्रों और संगीत के माध्यम से रोड सेफ्टी रथ नागरिकों के मन पर सीधा प्रभाव डालता है. यातायात नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है. इस पहल से निश्चित ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी.
– उर्मिला पवार, प्रादेशिक परिवहन अधिकारी.

Back to top button